By अंकित सिंह | Apr 25, 2023
उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर प्रचार जारी है। भाजपा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रचार की कमान संभाल रखी है। इन सब के बीत योगी आदित्यनाथ आज उन्नाव में थे। उन्नाव में उन्होंने कहा कि 2014 से पहले लोग (भारत को) शक की निगाहों से देखते थे, भारत का सम्मान नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि कहीं भी विस्फोट होते थे, कोई भी घुसपैठ कर देता था। भारत के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि दुनिया में भारत की साख नहीं बची थी। 2014 के बाद भारत के बारे में नज़रिया बदला है। योगी ने कहा कि आज दुनिया भारत की तरफ आशा भरी निगाहों से देखती है।
योगी आदित्यनाथ ने चुनावी जनसभा में अपनी सरकार की सिलसिलेवार उपलब्धियां गिनायीं और रंगदारी न फिरौती, अब यूपी नहीं किसी की बपौती और आज यूपी में न कर्फ्यू न दंगा, आज यूपी में सब ओर चंगा जैसे नारे दिये। उन्होंने कहा, अब उपद्रव नहीं, उत्सव हमारी पहचान है, माफिया नहीं, महोत्सव हमारी पहचान है। उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा, 2017 से पहले सरकारों को दंगा कराने से फुर्सत नहीं थी लेकिन आज उत्तर प्रदेश में कहीं कर्फ्यू नहीं लगता। अब तो कांवड़ यात्रा निकलती है। पहले नौजवानों पर झूठे मुकदमे होते थे। पहले शोहदों का आतंक रहता था और बेटियां घर से निकलने में डरती थी और आज उत्तर प्रदेश में भयमुक्त माहौल है।