By टीम प्रभासाक्षी | Feb 09, 2022
यूपी विधानसभा चुनाव की शुरुआत 10 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होगी। वही पश्चिमी उत्तर प्रदेश जो किसान आंदोलन के केंद्रों में से एक था, और इसके सबसे बड़े नेता बनकर उभरे थे राकेश टिकैत। पश्चिमी यूपी की सियासी हवा इस बार भाजपा के विपरीत बह रही है। इसकी सबसे प्रमुख वजह है कि किसान भाजपा से नाराज हैं। यूपी से आने वाले किसानों के नेता राकेश टिकैत किसानों के मुद्दे और यूपी विधानसभा चुनाव के विषय पर एक समाचार चैनल से बात कर रहे थे। जब एंकर ने उनसे सवाल किया कि अखिलेश यादव, मायावती और योगी आदित्यनाथ में कौन सबसे ज्यादा किसान हितैषी नेता है? पढ़िए इस पर राकेश टिकैत ने क्या जवाब दिया।
एंकर ने उनसे कहा आप इस सवाल का भी जवाब देने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर टिकैत ने कहा हमारे सभी मुख्यमंत्रियों के साथ रिश्ते अच्छे रहते हैं। मायावती का जिक्र करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि हमने उनसे जो भी कहा उन्होंने उस पर काम किया। हमने अखिलेश यादव से भी मिलकर बहुत सारी पॉलिसी बनवाई। उन्होंने आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ से भी हमने साढ़े तीन काम करवाएं।
एंकर ने सवाल किया कि इस हिसाब से योगी आदित्यनाथ के वापस लौटने की गुंजाइश ह? इस पर टिकैत ने कहा जनता जिसको भी बनाना चाहेगी, वह बन जाएगा। एंकर ने राकेश टिकैत से पूछा योगी जी किसके रहमों करम पर है? इस पर टिकैत ने कहा कि दिल्ली वालों की और दिल्ली वालों की नीति खराब है।
एंकर ने पूछा कि आपका इशारा प्रधानमंत्री मोदी की ओर है? जवाब में टिकैत ने कहा कि यह सब तो आप बता दो। आपको बता दें कि टिकैत ने लोगों से बीजेपी को वोट ना देने की अपील की है। जब टिकट से अखिलेश यादव और जयंत चौधरी को समर्थन देने का सवाल पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि वह किसी को समर्थन नहीं दे रहे हैं।