शेख हसीना की जगह युनूस आए, 2019 के बाद पाक की शह पर आतंकियों ने खून बहाए, ट्रंप के फैसले चौंकाएं, Modi 3.0 के 1 साल में कितनी बदली दुनिया?

By अभिनय आकाश | Jun 09, 2025

भारत दुनिया में चौथी सबसे बड़ी अर्थ शक्ति बन चुका है। साल 2014 में भारत सरकार की कमान संभालने वाले मोदी ने अपने फैसलों और नीतियों के जरिए न सिर्फ देश को विकास की राह पर तेज रफ्तार से आगे बढ़ाया बल्कि रक्षा क्षेत्र से लेकर विदेश नीति के मोर्चे पर भारत को मजबूत किया है। वसुधैव कुंटमबकम के लक्ष्य से आगे बढ़ रहे पीएम मोदी को आज एक प्रभावशाली वैश्विक नेता के तौर पर एक नई पहचान दी गई। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए दुनिया को नए भारत के नए तेवरों का संदेश देने वाले पीएम मोदी के कार्यकाल का 11वां वर्ष बीत रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में मिली जोरदार कामयाबी के बाद उनकी छवि एक मजबूत अविश्वसनीय वैश्विक नेता के रूप में और भी सशक्त हुई है। पीएम मोदी आज न केवल भारत के बल्कि विश्व राजनीति के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शुमार हैं। दुनिया उनके लिए लिए गए फैसलों और नीतियों को उम्मीद भरी नजरों से देखती है।  वहीं मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक साल हो चुका है। गौरतलब है कि जब जून 2024 में नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री की कुर्सी पर काबिज हए तो व्हाइट हाउस में सेकेंड इनिंग के लिए जो बाइडेन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच कड़ी टक्कर होने वाली थी। चीन के साथ पिछले चार सालों से चला आ रहा सीमा विवाद कायम था। पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में शेख हसीना का 16 सालों का निर्बाध शासन चल रहा था। वहीं  पाकिस्तान में सेना की शह पर नई कठपुतली सरकार का गठन हो गया था। इन सब में सबसे अहम ये रहा था कि फरवरी 2019 के बाद से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा कोई बड़ा हमला नहीं किया गया था। लेकिन इन एक साल में भारत समेत दुनिया कई सारे बदलावों से दो चार हुआ। व्हाइट हाउस में ट्रंप की एंट्री हो गई। लद्दाख में भारतीय और चीनी सैनिकों की वापसी हो चुकी है। शेख हसीना को सत्ता से बेदखल कर दिया गया है और कट्टरपंथी समर्थक युनूस ने कमान संभाल ली हैा वहीं पहलगाम में नागरिक पर्यटकों को निशाना बनाकर किए गए एक बड़े आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ चार दिनों तक सैन्य टकराव भी देखने को मिला। 

90 के दशक में गोविंदा की आई गैंबलर फिल्म के गाने मैं चाहे ये करूं, मैं चाहे वो करूं, मेरी मर्जी की तर्ज पर जनवरी में अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ये करूं या वो करूं के चक्कर में इनके खुद के देश नहीं बल्कि पूरी दुनिया में खलबली मचा दी। शपथ लेने के कुछ ही घंटों में इन्होने फास्ट ट्रैक अंदाज में पहले की सरकार के 78 से ज्यादा फैसले बदल दिया। धराधर एक्सीक्यूटिव ऑर्डर पास कर दिए। शपथ लेने के तुरंत बाद इन्होंने कहा कि अवैध अप्रवासियों को बर्थ राइट सिटीजनशिप नहीं मिलेगी। फिर कहा ड्राइवर गाड़ी निकालो हमें डब्लूएचओ से बाहर जाना है। फिर कहा क्लाइमेट चेंज बकवास है। इसके साथ ही धराधर पैरासीटामोल की गोली की तरह सभी देशों पर टैरिफ भी ठोंकने में लग गए। वहीं अपने घरेलू वोट बैंक को संदेश देते हुए ट्रम्प ने अवैध अप्रवासियों के निर्वासन का तमाशा बनाया। भारतीयों से भरे विमान भी बेड़ियों में जकड़े हुए वापस भेजे गए। इसका बकायदा वीडियो जारी कर दुनिया को ये भी बताया कि एलियन को हम कैसे भेजते हैं। इसके लिए किसी भी देश की जमीन पर मिलिट्री विमान उतारने से गुरेज नहीं किया। उन्होंने हार्वर्ड और कोलंबिया जैसे विश्वविद्यालयों और अमेरिका में विदेशी छात्रों पर निशाना साधा है, जिससे कई भारतीय छात्र जांच के दायरे में आ गए हैं और व्यापक चिंता पैदा हो गई है। 3.3 लाख से अधिक की संख्या के साथ, भारतीय अमेरिका में सबसे बड़े विदेशी छात्र समूहों में से एक हैं। वाशिंगटन में नई दिल्ली की कूटनीतिक चुनौती ट्रम्प की दुनिया में और अधिक जटिल हो गई है।

चीन के साथ पटरी पर लौटते रिश्ते?

साढ़े चार साल के टकराव के बाद, भारत और चीन ने अक्टूबर में पूर्वी लद्दाख के देपसांग और डेमचोक में दो शेष टकराव बिंदुओं पर सैनिकों को हटाने और गश्त फिर से शुरू करने पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मुलाकात की और संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का फैसला किया - भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए कैलाश मानसरोवर यात्रा आयोजित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं; सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने, चीनियों के लिए वीजा पर प्रतिबंध हटाने, सीमा पार नदी डेटा साझा करने और पत्रकारों के आदान-प्रदान को फिर से शुरू करने के लिए बातचीत चल रही है। लेकिन 50,000 से अधिक सैनिक बर्फीली ऊंचाइयों पर तैनात हैं, जो तनाव कम करने और सैनिकों को वापस बुलाने के अगले कदमों का इंतजार कर रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: Global Weekly | Trump-XI के बीच 90 मिनट की फोन कॉल, तियानमेन स्क्वायर नरसंहार के 36 साल, क्या है चीन का 5 ईयर प्लान

भारत-बांग्लादेश के बिगड़ते संबंध

16 साल सत्ता में रहने के बाद, बांग्लादेश में अवामी लीग शासन पिछले साल जुलाई-अगस्त में राजनीतिक विपक्ष द्वारा समर्थित छात्रों और कार्यकर्ताओं के सड़क पर विरोध प्रदर्शनों के सामने ताश के पत्तों की तरह ढह गया। प्रधानमंत्री शेख हसीना भाग गईं और 5 अगस्त से भारत में रह रही हैं। नोबेल पुरस्कार विजेता प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के अराजक संक्रमण के बाद, ढाका के साथ नई दिल्ली के संबंधों में गिरावट आई है। इस्लामवादियों और अवसरवादियों के एक समूह ने हसीना के शासन के साथ गठबंधन करने वालों पर हमला किया है। हसीना की धर्मनिरपेक्ष राजनीति से लाभान्वित होने वाले हिंदुओं सहित अल्पसंख्यकों पर हमला किया गया है, जिससे नई दिल्ली की ओर से बहुत कड़ी प्रतिक्रिया हुई है। बांग्लादेश ने हसीना को प्रत्यर्पित करने की मांग की है, लेकिन भारत ने उन्हें शरण देने का फैसला किया है। यूनुस ने चीन का कार्ड खेला है और नई दिल्ली ने वीजा और व्यापार पर शिकंजा कस दिया है। भारत अब देख रहा है कि अप्रैल 2026 में होने वाले बांग्लादेश के चुनाव कितने समावेशी और लोकतांत्रिक होते हैं।

पाकिस्तान ने खून बहाया, भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया

पहलगाम में 26 नागरिकों की हत्या के बाद भारत ने सबसे पहले कूटनीतिक कदम उठाए - सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया, सभी वीजा और व्यापार को खत्म कर दिया और पाकिस्तानी राजनयिकों को सामूहिक रूप से निष्कासित कर दिया - और फिर लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालयों सहित नौ आतंकवादी ठिकानों पर हमले करने का सैन्य कदम उठाया। चार दिनों तक चले सैन्य टकराव के बाद, जिसके दौरान पाकिस्तान को चीन द्वारा हथियारों का समर्थन स्पष्ट था, युद्ध विराम की घोषणा की गई। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ अपने व्यवहार में नई सामान्य स्थिति को स्पष्ट किया और वादा किया कि जब भी कोई आतंकवादी हमला दोबारा होगा, तो वह जवाब देगा।

अब आगे, वेट एंड वॉच

ट्रंप के अशांत राष्ट्रपतित्व से अस्त-व्यस्त हुई दुनिया में, भारत को पाकिस्तान और चीन द्वारा पेश चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जो अपने "सदाबहार मित्र" और सहयोगी के साथ मजबूती से खड़ा है। आगे बढ़ते हुए, राष्ट्रपति ट्रंप, राष्ट्रपति शी और जनरल असीम मुनीर नई दिल्ली के कूटनीतिक कौशल और क्षमता का परीक्षण करेंगे।

For detailed delhi political news in hindi   

प्रमुख खबरें

Indian Sweet Recipe: उबले आलू से घर पर बनाएं टेस्टी Crispy Jalebi, नोट करें बनाने का आसान तरीका

प्रदर्शनकारियों को Delhi Police की हिरासत के बाद Indian Youth Congress ने शुरू की लीगल हेल्पलाइन

Captain Smit Machhar पर कॉकपिट में हमले की जांच करेगी NIA, केंद्र का निर्देश

Thane में झील सौंदर्यीकरण गारंटी पत्र के बदले 7.5 लाख रुपये घूस लेते सरपंच गिरफ्तार