जेलेंस्की ने अतिरिक्त सैन्य सहायता के लिए बाइडन का आभार जताया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 18, 2022

कीव,  यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने राष्ट्र के नाम संदेश में अतिरिक्त सैन्य सहायता के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो. बाइडन का आभार जताया। जेलेंस्की ने रात में अपने वीडियो संबोधन में यह नहीं बताया कि नए पैकेज में क्या चीज़ें शामिल हैं, क्योंकि वह इस बाबत रूस को जानकारी नहीं देना चाहते हैं। वहीं दुनिया के ‘समूह सात’ (दुनिया के सात प्रमुख अर्थव्यवस्था वाले देशों का समूह) ने एक संयुक्त बयान में कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में बिना किसी कारण के जंग कर रहे हैं। वहीं संयुक्त राष्ट्र ने अनुमान जताया है कि युद्ध के कारण 30 लाख से ज्यादा लोगों ने यूक्रेन छोड़ दिया है और सटीक मृतक संख्या की जानकारी नहीं है।

हालांकि यूक्रेन का दावा है कि लड़ाई में अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्रेयियस ने बृहस्पतिवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को ऑनलाइन माध्यम से बताया कि संगठन ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर 43 हमलों का सत्यापन किया है जिनमें 12 लोगों की मौत हुई है और 34 घायल हुए हैं। इस बीच मारियुपोल के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी शहर पर रूस के हमले जारी हैं और उसने एक थिएटर पर हमला किया जहां सैकड़ों लोगों ने शरण ली हुई थी।

बहरहाल, जर्मनी के सांसदों को वीडियो के माध्यम से संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने मारियुपोल में बदतर हालत के लिए रूस की निंदा की। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के रूस के हवाई हमले में मेरफा में 21 लोगों की मौत हो गई और एक स्कूल और एक सामुदायिक केंद्र तबाह हो गए। यह खारकीव के पास स्थित है। इस बीच ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि यूक्रेन के प्रतिरोध की वजह से रूस का हमला सभी मोर्चों पर रूक गया है और रूस के बलों को हाल के दिनों में मामूली बढ़त मिली है।

हॉलीवुड फिल्म अभिनेता अर्नोल्ड श्वार्ज़नेगर ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में रूस के लोगों से कहा कि उनसे यूक्रेन में युद्ध के बारे में झूठ बोला जा रहा है। उन्होंने पुतिन पर अपनी महत्वाकांक्षाओं के लिए रूसी सैनिकों के जीवन का बलिदान करने का भी आरोप लगाया। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के शुक्रवार को फोन पर बात करने की भी संभावना है।

प्रमुख खबरें

Jagdish Chandra Bose के आवास Shanti Bhawan की दुर्दशा पर Jharkhand High Court सख्त

COP-31 में बिजली हिस्सेदारी प्रस्ताव और Climate Aid पर विकसित देशों से भिड़ा भारत

UP Cabinet ने दी 30 प्रस्तावों को हरी झंडी, IIT Kanpur के नोएडा कैंपस में बनेगा Deep Tech Hub

एससी आरक्षण की मांग पर UP के मंत्री Sanjay Nishad ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया