By अभिनय आकाश | Apr 12, 2023
यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर रूस-यूक्रेन युद्ध में भारत के हस्तक्षेप की मांग की और चिकित्सा उपकरणों सहित अतिरिक्त मानवीय सहायता का अनुरोध किया। भारत की चार दिवसीय यात्रा के दौरान केंद्रीय विदेश और संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी को यूक्रेन की उप विदेश मंत्री एमाइन दझापरोवा ने यह पत्र सौंपा था। दोनों नेताओं ने पारस्परिक हित के द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि यूक्रेन को बढ़ी हुई मानवीय सहायता का आश्वासन दिया गया है। झापरोवा ने बैठक को फलदायी बताया।
यूक्रेन की प्रथम उप विदेश मंत्री एमिन जापारोवा ने मंगलवार को कहा कि रूस के साथ खड़े होने का अर्थ इतिहास के गलत पक्ष के साथ होना है और उनका देश भारत के साथ घनिष्ठ संबंध चाहता है। जापारोवा ने यहां एक प्रमुख ‘थिंक-टैंक’ को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान के साथ यूक्रेन के संबंध भारतीय हितों के खिलाफ नहीं हैं और पाकिस्तान के साथ उनके देश के सैन्य संबंध करीब तीन दशक पहले शुरू हुए थे। उप विदेश मंत्री ने यूक्रेन में युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि भारत एक वैश्विक नेता और जी-20 के मौजूदा अध्यक्ष के रूप में शांति स्थापित करने में अहम भूमिका निभा सकता है।