जुबिन हमारी मदद कर रहे, श्रीलंका को भारतीय खिलाड़ियों के संन्यास का फायदा उठाना चाहिए: Jayasuriya

By Prabhasakshi News Desk | Jul 24, 2024

पाल्लेकल । श्रीलंका के अंतरिम मुख्य कोच सनथ जयसूर्या ने बुधवार को खुलासा किया कि आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स के हाई परफॉर्मेंस निदेशक जुबिन भरूचा ने भारत के खिलाफ आगामी टी20 श्रृंखला की तैयारी में उनके बल्लेबाजों की मदद की है और उन्हें उम्मीद है कि टीम रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ियों के संन्यास का फायदा उठाएगी। रोहित, कोहली और ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने पिछले महीने भारत की विश्व कप जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से संन्यास ले लिया था। श्रीलंका के खिलाफ टी20 श्रृंखला 27 जुलाई से यहां शुरू होगी। 

जयसूर्या ने खुलासा किया कि श्रीलंका के कुछ खिलाड़ियों के लंका प्रीमियर (एलपीएल) लीग से जुड़ा होने के बावजूद भरूचा के साथ छह दिन के शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘हमने एलपीएल के तुरंत बाद सत्र शुरू किया। अधिकतर खिलाड़ी एलपीएल में खेल रहे थे इसलिए वे क्रिकेट में व्यस्त थे और हम चाहते थे कि वे अधिक से अधिक क्रिकेट खेलें।’’ जयसूर्या ने कहा, ‘‘हम राजस्थान रॉयल्स से जुबिन को लाए और हमने लगभग छह दिन उनके साथ काम किया। एलपीएल में खेलने बाद अन्य क्रिकेटर भी उनके साथ जुड़े। 

मुझे उम्मीद है कि खिलाड़ियों ने सीख लिया है कि आप (प्रबंधन) अभ्यास और तकनीक के मामले में उनसे क्या चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘तैयारी अच्छी थी और टी20 शुरू होने से पहले कैंडी में हमारे पास दो दिन और हैं।’’ जयसूर्या ने कहा कि भरूचा के साथ सत्र काफी गहन रहे और खिलाड़ियों ने उनसे काफी कुछ सीखा। 

उन्होंने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के लिए नई तकनीक, नए दृष्टिकोण और नए शॉट मारना सीखना महत्वपूर्ण है ताकि वे प्रभावी बन सकें।’’ भारत को टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए सूर्यकुमार यादव के रूप में नया कप्तान भी मिला है और जयसूर्या ने अपनी टीम से इस अवसर का पूरा लाभ उठाने को कहा। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जयसूर्या के हवाले से कहा, ‘‘रोहित शर्मा और विराट कोहली दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। उनकी प्रतिभा और उन्होंने जिस तरह का क्रिकेट खेला है, उसे देखते हुए हम सभी जानते हैं कि वे और जडेजा किस स्थान पर हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनकी गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए नुकसान है और हमें इसका अधिकतम फायदा उठाना होगा।

प्रमुख खबरें

PoK के पूर्व ‘राष्ट्रपति’ Raja Zulqarnain Khan का 93 वर्ष की उम्र में निधन

LK Advani के 100वें जन्मदिन पर बोले BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, Ram Mandir आंदोलन में उनका योगदान ऐतिहासिक

उत्तराखंड में Dhami सरकार के खिलाफ Congress का 10 नवंबर से राज्यव्यापी अभियान

PM Modi ने Chhattisgarh के Bastar में जवानों संग मनाई Diwali, बोले- आप मेरा परिवार हैं