Delhi Narela Firecracker Tragedy | दिल्ली में आतिशबाजी के दौरान दर्दनाक हादसा: नरेला में हाथ में 'अनार' फटने से 10 साल के बच्चे की मौत

By रेनू तिवारी | Nov 09, 2026

दिवाली के त्योहार के बीच दिल्ली और मध्य प्रदेश से बेहद दुखद और दर्दनाक हादसों की खबरें सामने आई हैं। राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में पटाखे जलाते समय हाथ में 'अनार' फटने से 10 वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नरेला इंडस्ट्रियल एरिया की एक रबर फैक्ट्री में भीषण आग भड़क उठी। उधर, मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में दिवाली की अगली सुबह एक सुनार के तीन मंजिला मकान में अचानक लगी आग में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

दिल्ली का नरेला हादसा: मासूम के सीने में लगी गंभीर चोट
दिल्ली के नरेला इलाके में रविवार रात दीपावली के जश्न की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब आतिशबाजी के दौरान 10 साल के एक बच्चे की जान चली गई। पुलिस ने सोमवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह दुखद घटना रविवार रात करीब 9:45 बजे घटी।

बच्चे के सीने में चोट आई
पुलिस के अनुसार, पटाखा बच्चे के हाथ में ही फट गया, जिससे उसके सीने में चोट लग गई। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उन्हें रात करीब 10:50 बजे एक अस्पताल से सूचना मिली कि बच्चे को मृत अवस्था में लाया गया था और उसके शरीर पर पटाखे से जलने के निशान थे।

बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किस तरह का पटाखा था। अभी और जानकारी का इंतजार है।

इससे पहले रविवार को, दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में एक रबर फैक्ट्री में आग लग गई। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, रात करीब 8:33 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद आग पर काबू पाने के लिए सात दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

मध्य प्रदेश के सिवनी में घर में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक सुनार के तीन मंजिला घर में भीषण आग लगने से परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना दिवाली के अगले दिन, सुबह 4 बजे से 4:30 बजे के बीच छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में जैन मंदिर के पास रहने वाले सुनार कुंदन लाल सोनी के घर पर हुई।

मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग बच्चा शामिल है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), रितु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्य सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है।

घटना के समय घर में दस लोग मौजूद थे। मौके पर मौजूद पुलिस के उप-विभागीय अधिकारी (SDO) अपूर्व भलावी ने फोन पर पीटीआई (PTI) को बताया कि इनमें से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

उन्होंने बताया कि बाद में दमकल विभाग और बचाव दलों ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi 

प्रमुख खबरें

David Warner ने Sandpapergate पर Usman Khawaja का किया समर्थन, जांच पर उठाए सवाल

कोल्हापुर में Gokul Dairy अध्यादेश के खिलाफ सड़कों पर उतरे किसान और विपक्षी दल

Mansukh Mandaviya ने जारी किया Khelo India Youth Games 2026 शेड्यूल, तेलंगाना बना मेजबान

EVM में खराबी और फर्जी वोटर, Gaurav Gogoi ने चुनाव में धांधली के 10 तरीके गिनाए