पहले चरण की 91 सीटों पर कल होगा मतदान, पूरी हुई चुनावी तैयारियां

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 10, 2019

नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों और चार राज्यों की विधानसभा सीटों पर बृहस्पतिवार को मतदान होगा। 91 लोकसभा सीटों पर कुल 1279 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पहले चरण के मतदान के लिए आयोग ने सभी जरूरी प्रबंध किए जाने का भरोसा दिलाया है। पहले चरण के मतदान में जिन प्रमुख नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो जायेगी उनमें केन्द्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, नितिन गडकरी, हंसराज अहीर, किरण रिजीजू, कांग्रेस की रेणुका चौधरी, एआईएमआईएम के असदउद्दीन ओवैसी शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: तेलंगाना के 443 उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला होगा कल, मतदान के लिए पूरी हुईं तैयारियां

पहले चरण में आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिसा में विधानसभा चुनाव भी होगा। इस दौरान आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीटों, सिक्किम की 32 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। आंध्र प्रदेश से अलग होकर 2014 में तेलंगाना राज्य की स्थापना होने के बाद आंध्र प्रदेश में पहली बार विधानसभा चुनाव हो रहा है। राज्य की सभी 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में बृहस्पतिवार को ही मतदान संपन्न हो जायेगा। उल्लेखनीय है कि 11 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार शाम चुनाव प्रचार थम गया था। आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा। इनमें से कुछ सीटों पर शाम चार बजे तक, कुछ पर पांच बजे तक और कुछ सीटों पर छह बजे तक मतदान होगा। 

निर्वाचन नियमों के अनुसार मतदान खत्म होने के समय से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार थम जाता है। ज्ञात हो कि 17वीं लोकसभा के गठन के लिये 543 सीटों के लिये सात चरण में 11 अप्रैल से 19 मई तक मतदान होना है। पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और तेलंगाना की सभी लोकसभा सीटों के लिये मतदान होगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों (सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर,मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और नोएडा) और बिहार की चार सीटों (औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई), असम की पांच और महाराष्ट्र की सात, ओडिशा की चार और पश्चिम बंगाल की दो सीटों के लिए मतदान होगा।

इसे भी पढ़ें: अरुणाचल प्रदेश में चुनाव के लिए तैयारियां पूरी, 2 सीटों के लिए गुरुवार होगा मतदान

इस चरण में उत्तर प्रदेश की आठ और पश्चिम बंगाल की दो सीटों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक और बिहार, मणिपुर, मेघालय, नगालैंड और ओडिशा में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।

प्रमुख खबरें

Lionel Messi को Kerala लाने के प्रयास में हुई अनियमितताओं की जांच कराएगी सरकार

NITES ने Wipro के खिलाफ श्रम मंत्रालय में की शिकायत, 200 से ज्यादा युवाओं की जॉइनिंग में देरी

Max Financial Services का मुनाफा 37% बढ़ा, Q1 में आय 14,977 करोड़ रुपये पर पहुंची

Kiren Rijiju और असम-अरुणाचल सांसदों ने सीमा पर शांति की अपील की, बातचीत से सुलझेंगे विवाद