Naxalite Surrender| गढ़चिरौली में 11 नक्सलियों का आत्मसमर्पण, PM Modi ने की महाराष्ट्र सरकार की सराहना

By रितिका कमठान | Jan 02, 2025

महाराष्ट्र के दूरदराज और माओवाद प्रभावित क्षेत्रों विकास लाने के लिए राज्य सरकार पूरे सकारात्मक प्रयास करने में जुटी हुई है। इन प्रयासों की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को सराहना की है। पीएम मोदी ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे प्रयासों की तारीफ की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, "मैं दूरदराज और माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए महाराष्ट्र सरकार के प्रयासों की सराहना करता हूं। इससे निश्चित रूप से 'जीवन की सुगमता' बढ़ेगी और और भी अधिक प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा। गढ़चिरौली और आसपास के क्षेत्रों के मेरे बहनों और भाइयों को विशेष बधाई!" 

बुधवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली विमला चंद्र सिडाम उर्फ ​​तारक्का समेत 11 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। गढ़चिरौली पुलिस मुख्यालय में 8 महिलाओं और 3 पुरुषों समेत 11 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इन सभी पर 1 करोड़ रुपए से ज़्यादा का इनाम था। इसके अलावा छत्तीसगढ़ सरकार ने भी इन पर इनाम घोषित कर रखा था। आत्मसमर्पण करने वालों में दंडकारण्य जोनल कमेटी के प्रमुख और भूपति की पत्नी तारक्का सिदाम भी शामिल थीं, जो 34 साल से नक्सलवाद में शामिल थे। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में तीन डिवीजन कमेटी सदस्य, एक डिप्टी कमांडर और दो एरिया कमेटी सदस्य शामिल थे। इनमें से प्रत्येक को नए जीवन के लिए 86 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। 

आत्मसमर्पण के समय मौजूद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य से नक्सलवाद का शीघ्र ही उन्मूलन हो जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने गढ़चिरौली में पेनगुंडा पुलिस सहायता केंद्र का भी दौरा किया।

एएनआई से बात करते हुए, सीएम फडणवीस ने गढ़चिरौली क्षेत्र के परिवर्तन पर प्रकाश डालते हुए कहा, "गढ़चिरौली का यह क्षेत्र, जहां हम खड़े हैं, वहां एक सड़क भी नहीं थी और माओवादियों का यहां पूर्ण प्रभुत्व था। आज, उस प्रभुत्व को समाप्त करते हुए, हमने दो बड़ी चौकियां बनाई हैं और छत्तीसगढ़ से सीधे जुड़ने वाली एक सड़क और पुल का निर्माण किया है।" 

उन्होंने कहा, "एक तरह से 75 साल बाद यहां के लोगों को राज्य परिवहन की बस देखने को मिलेगी। इसलिए मेरा मानना ​​है कि यह बहुत महत्वपूर्ण दिन है। हमने कहा था कि गढ़चिरौली महाराष्ट्र का आखिरी जिला नहीं होगा, यह महाराष्ट्र का पहला जिला होगा और हमने इसकी शुरुआत कर दी है। अब माओवादियों को यहां नए लोग नहीं मिलते, भर्ती नहीं होती। बड़े कैडर आत्मसमर्पण कर रहे हैं, इसलिए यह समाप्ति की ओर बढ़ रहा है।"

प्रमुख खबरें

DRI ने देश भर में कार्रवाई कर 845 किलोग्राम Drugs पकड़ी, 15 तस्कर अरेस्ट

CID पूछताछ के दौरान TMC MLA परेश राम दास की तबीयत बिगड़ी, SSKM अस्पताल में भर्ती

Islamic State साजिश मामले में NIA अदालत ने हुजैर फरहान बेग को सुनाई 6 साल की सजा

विदेशी Unicorns में भारतीय संस्थापकों का मूल्य 560 अरब डॉलर पहुंचा: Prosus सूचकांक