26/11 मुंबई हमलों की 13वीं बरसी, नम आंखों से जान गंवाने वालों की दी जा रही श्रद्धांजलि

By अंकित सिंह | Nov 26, 2021

मुंबई के 26/11 आतंकी हमले की आज 13वीं बरसी है। मुंबई हमले में जान गंवाने वाले सुरक्षा कर्मियों और लोगों को आज देश भर में श्रद्धांजलि दी जा रही है। आज ही के दिन सरहद पार से आए पाकिस्तानी आतंकियों ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को निशाना बनाया था और आतंक का ऐसा तांडव मचाया था जिसे कोई भी देशवासी अब तक नहीं भूल पाया है। इस आतंकी हमले के बाद पूरा देश सहम गया था। आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्टेशन के अलावा ताज होटल, होटल ओबेरॉय, कामा अस्पताल और दक्षिण मुंबई के कई स्थानों को निशाना बनाया था। आतंकियों के साजिश को नाकाम करने में मुंबई पुलिस, एटीएस और एनएसजी के 11 जवान शहीद हो गए। इसके अलावा 137 लोगों की मौत हुई थी जबकि 300 से ज्यादा लोग इस हमले में घायल हुए थे। 26/11 हमले की बरसी पर गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा कि मुंबई 26/11 आतंकी हमलों में जान गंवाने वालों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। उन सभी सुरक्षाकर्मियों के साहस को सलाम करता हूं, जिन्होंने आतंकवादियों का डटकर सामना किया। पूरे देश को आपकी वीरता पर गर्व रहेगा। कृतज्ञ राष्ट्र सदैव आपके बलिदान का ऋणी रहेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि मुंबई पर 26 नवंबर को हुए आतंकी हमले की 13वीं बरसी पर, हम उन मासूमों की जान को याद करते हैं जिन्हें हमने खो दिया। उन हमलों में जान गंवाने वाले सभी लोगों को मेरी श्रद्धांजलि। हमारे सुरक्षा बलों ने 26/11 के हमलों के दौरान अनुकरणीय साहस का परिचय दिया। मैं उनकी बहादुरी और बलिदान को सलाम करता हूं। वही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट में लिखा कि मुंबई 26/11 आतंकी हमले में काल-कवलित हुए सभी निर्दोष नागरिकों व माँ भारती की रक्षा हेतु बलिदान देने वाले समस्त वीर जवानों को भावपूर्ण नमन व विनम्र श्रद्धांजलि।हम सभी उनके शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। आइए, एकजुट होकर आतंकवाद को जड़ से मिटाने हेतु संकल्पित हों। दूसरी ओर आज मुंबई में 26/11 हमले की 13वीं वर्षगांठ पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और शिवसेना के नेता आदित्य ठाकरे ने मुंबई सीपी कार्यालय में 26/11 हमले के मृतकों को श्रद्धांजलि दी।

प्रमुख खबरें

Mining Law में संशोधन के खिलाफ 28 सितंबर को Odisha Assembly घेरेगी BJD

Maharashtra Drought: फसल नुकसान पर Devendra Fadnavis का बड़ा एलान, कल जारी होगा राहत आदेश

GalaxEye को TDB से 63 करोड़ रुपये की मदद, बनेगा मल्टीसेंसर उपग्रह

SEBI ने Portfolio Managers के नियमों में किया बदलाव, IPO और विदेशी सिक्योरिटीज में निवेश को मंजूरी