By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 28, 2020
नयी दिल्ली। दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,808 नए मामले सामने आने के साथ ही शहर में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,69,412 तक पहुंच गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अगस्त महीने में शुक्रवार को लगातार दूसरे रोज एक ही दिन में 1800 से अधिक नए मामले सामने आए हैं।
बृहस्पतिवार को 1,840 मामले सामने आए थे। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 20 मरीजों की मौत के बाद इस घातक वायरस से अब तक 4,389 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके मुताबिक, दिल्ली में वर्तमान में 13,550 मरीज उपचाराधीन हैं। राष्ट्रीय राजधानी में अब तक 23 जून को सबसे अधिक 3,947 मामले सामने आए थे।