By अंकित सिंह | Feb 25, 2023
बिहार के पूर्णिया में महागठबंधन की रैली हुई। इस रैली को संबोधित करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ महागठबंधन के सभी बड़े नेता मौजूद रहे। वहीं, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस रैली को संबोधित किया। इस दौरान नीतीश कुमार ने मोदी सरकार और भाजपा पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा। साथ ही साथ विपक्षी एकजुटता को लेकर भी बड़ी बात कही। नीतीश ने कहा कि हम लोग एक साथ साथ पार्टी है। सभी मिलकर काम कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम लोगों को कांग्रेस कि फैसले का इंतजार है। इसके साथ ही कहा कि जल्दी से फैसला कर लीजिए, अगर हम एक साथ आ गए तो भाजपा 100 से नीचे चली जाएगी। अगर ऐसा नहीं हुआ तो भाजपा को फायदा मिलेगा।
भाजपा पर उन्होंने काम नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन्होंने(BJP) बिहार के विकास के लिए कोई काम नहीं किया और यहां आकर बोला कि हमने विकास किया। उन्होंने कहा कि इनलोगों ने जो 2015 के वि.स चुनाव से पहले घोषणा की थी आज तक उतनी मदद की? कहा था कि 1 लाख 25 हजार करोड़ की मदद करेंगे लेकिन 8 साल में मात्र 59 लाख मिला है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्णिया में कहा कि यहां एयरपोर्ट बनेगा। लेकिन नहीं बना। लोगों को आने के लिए रास्ता तय किया। हम जमीन देने के लिए तैयार हैं। लेकिन केंद्र के लोग एयरपोर्ट पर काम नहीं शुरू कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जो घोषणा करते हैं, उसे पूरा नहीं करते हैं। भाजपा ने मीडिया पर कब्जा कर लिया है। कोई भी काम देश हित में नहीं जा रहा है। कहीं भी जाते हैं तो कुछ ना कुछ बोलते रहते हैं।