जेएनयू परिसर में पीएचडी छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में 27 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 24, 2022

नयी दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की पीएचडी की एक छात्रा के साथ विश्वविद्यालय परिसर में छेड़छाड़ करने के आरोप में रविवार को 27 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि घटना के समय आरोपी नशे में था और उसकी पहचान अक्षय दोलाई के रूप में की गई है। पश्चिम बंगाल का मूल निवासी दोलाई अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दक्षिण दिल्ली के मुनिरका में रहता है और बीकाजी कामा प्लेस में मोबाइल रिपेयरिंग की एक दुकान पर काम करता है।

इसे भी पढ़ें: अखिलेश यादव की अपील, अमर जवान ज्योति की स्मृति में 26 जनवरी को एक लौ जलाएं सभी लोग

पुलिस ने बताया कि जब छात्रा सुनसान जगह पर पहुंची तो दोलाई रुका और उससे छेड़छाड़ की। पुलिस ने बताया कि छात्रा ने विरोध किया जिसके बाद हाथापाई हुई जिसमें दोलाई के एक पैर में चोट लग गई। पुलिस ने बताया कि इसके बाद छात्रा ने अपना फोन निकाला और पुलिस को सूचना देने की धमकी दी। हालांकि, दोलाई ने फोन छीन लिया और फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी रात करीब 12.45 बजे वसंत कुंज नार्थ पुलिस थाने में जेएनयू के अंदर एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की पीसीआर कॉल आई थी। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) गौरव शर्मा एसएचओ वसंत कुंज नॉर्थ और पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। शर्मा ने कहा, ‘‘हमने प्रवेश द्वार पर रजिस्टरों की जांच की, लेकिन आरोपी या उसके वाहन से संबंधित कोई प्रविष्टि नहीं मिली। यह मुश्किल था और महिला भी सदमे में थी। हमने इलाके में एक हजार से अधिक सीसीटीवी स्कैन किए।’’

पुलिस ने कहा कि जांच दल ने इलाके में सीसीटीवी की मदद से दोलाई द्वारा लिए गए मार्ग की मैपिंग की और पाया कि वह मुनिरका लौट गया है। शर्मा ने कहा, ‘‘परिसर से निकलने के बाद, वह नेल्सन मंडेला मार्ग गया, लेकिन पुलिस पिकेट देखा और रिंग रोड की ओर मुड़ गया। हमारे पास उसकी गतिविधियों के फुटेज हैं। हमने उसकी पहचान की और फिर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।’’ पुलिस ने बताया कि एक महिला के शील भंग का मामला वसंत कुंज नार्थ पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस ने छात्रा के फोन के साथ दोलाई का स्कूटर भी जब्त कर लिया है।

प्रमुख खबरें

ग्वालियर TMZ के लिए 24 कंपनियों ने दिए ₹5500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव: Jyotiraditya Scindia

Asian Games: निशानेबाज Elavenil Valarivan ने जीते दो रजत पदक, महिला क्रिकेट टीम फाइनल में

जयशंकर से सिसोदिया तक, बड़े नामों को मिला SIR का नोटिस, क्यों?

MP Cheetah Project को मिला नया विस्तार, Gandhi Sagar Wildlife Sanctuary में छोड़ी गई मादा चीता