By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 04, 2020
नयी दिल्ली। चीन में महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस ने अब भारत में अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है, जहां बुधवार को इससे संक्रमित लोगों की संख्या अचानक बढ़कर 28 हो गई। संक्रमित लोगों में 16 इतालवी पर्यटक हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बुधवार को कहा कि देश में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमण के 28 मामलों की पुष्टि हो गई है, इनमें इटली के 16 पर्यटक भी शामिल हैं। डा हर्षवर्धन ने कोरोना वायरस से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिये मंत्रालय द्वारा किए गए एहतियाती उपायों की समीक्षा बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में बताया कि विदेश यात्रा कर भारत आने वाले सभी यात्रियों की हवाईअड्डों पर जांच की जाएगी। अभी तक कोरोना वायरस के संक्रमण के दायरे वाले 12 देशों से भारत आने वाले यात्रियों की ही स्क्रीनिंग की जा रही थी। विश्वभर में इससे 3,000 लोगों की जान जा चुकी है और 90,000 से अधिक लोग इससे संक्रमित हैं। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि विदेशों में 17 भारतीय कोरोना वायरस से संक्रमित हैं जिनमें से जापान के क्रूज जहाज से 16 मामले आए हैं जबकि यूएई से एक भारतीय इनमें शामिल हैं। राष्ट्रपति नाथ कोविंद के कार्यालय ने कहा कि इस बार राष्ट्रपति भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह होली का त्योहार नहीं मनाएंगे और किसी भी ‘होली मिलन’ समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘दुनियाभर के विशेषज्ञों ने कोविड-19 कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के एकत्रित होने वाले कार्यक्रमों को कम करने की सलाह दी है। इसलिए इस साल मैंने किसी भी ‘होली मिलन’ समारोह में न जाने का फैसला किया है।’’ इस साल होली 10 मार्च को है।
इसे भी पढ़ें: रमेश बिधूड़ी का तंज, इटली से लौटकर राहुल गांधी ने जांच करवाई या नहीं
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित दिल्ली के मरीज के संपर्क में आने वाले 88 लोगों की जांच के सभी प्रयास जारी हैं। उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कोरोना वायरस से उत्पन्न हालात से निपटने के लिए उनके नेतृत्व में एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वायरस को फैलने से रोकने के लिए आप सरकार ने हरसंभव उपाय किए हैं। तेलंगाना में दो लोगों के नमूनों को जांच के लिए पुणे के राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान भेजा गया है। वहीं सरकार ने एहतियाती कदम बढ़ा दिए हैं। तेलंगाना सरकार ने सार्वजनिक वाहनों में साफ-सफाई को बढ़ावा देने जैसे विभिन्न कदम उठाने का निर्णय किया है। तेलंगाना नगर प्रशासन मंत्री के टी रामाराव ने हैदराबाद मेट्रो रेल और राज्य परिवहन मंत्री पुर्ववाड़ा अजय कुमार से हैदराबाद मेट्रो ट्रेनों और तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में साफ-सफाई का ध्यान रखने को कहा है। जम्मू के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इटली और दक्षिण कोरिया की यात्रा करने वाले दो लोगों को अलग रखा गया है। केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को अलर्ट कर दिया गया है। हालांकि यहां अभी तक कोरोना वायरस का यहां कोई मामला सामने नहीं आया है। गौतम बुद्ध नगर में 15 जनवरी तक विदेश यात्रा करने वाले कम से कम 373 लोगों को निगरानी में रखा गया है। नोएडा में कोरोना वायरस के संदेह में तीन बच्चों समेत जिन छह लोगों के नमूने लिए गए थे, उनकी जांच निगेटिव पाई गई है। हालांकि सभी छह लोगों को अगले 14 दिन के लिए अपने-अपने घर में अलग थलग रहने को कहा गया है। अधिकारियों ने बताया कि अगर उनमें कोविड-19 के लक्षण नजर आते हैं तो उनके नमूनों की फिर से जांच की जाएगी। महाराष्ट्र में पृथक वार्ड में भर्ती किए गए कम से कम 161 पर्यटक की जांच नकारात्मक पाई गई है और राज्य में अभी फिलहाल नौ लोगों को अलग से रखा गया है। मुम्बई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मध्य जनवरी से अभी तक 66,977 यात्रियों की जांच की जा चुकी है। देश में कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी और उसके आस-पास के इलाकों में तीन स्कूलों को छात्रों और उसके कर्मियों के लिए एहतियाती तौर पर बंद कर दिया गया है। वहीं दो स्कूलों ने समय से पहले वसंतकालीन छुट्टियों की घोषणा कर दी है और अन्य ने इस संबंध में अभिभावकों को परामर्श जारी किया है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने बुधवार को कहा कि वह कोरोना वायरस के मद्देनजर अपने परिसरों की साफ-सफाई बढ़ाएगी। वहीं भारत, इंडोनेशिया और थाईलैंड में कोरोना वायरस के नए मामलों की पुष्टि होने के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सभी दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों से हरसंभव स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहने और रोकथाम के उपायों को सुनिश्चित करने को कहा है।