By अभिनय आकाश | May 02, 2023
शरद पवार ने मंगलवार को अपनी घोषणा से हर किसी को चौंका दिया। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है और भविष्य में चुनाव नहीं लड़ेंगे। शरद पवार ने कहा कि राज्यसभा में मेरा तीन साल का कार्यकाल बाकी है। मैं आगे से चुनाव नहीं लड़ूंगा। मैंने अपना राजनीतिक जीवन 1 मई, 1960 को शुरू किया था। कल हमने मई दिवस मनाया। इतने लंबे राजनीतिक करियर के बाद कहीं रुकने के बारे में सोचना चाहिए। इसके साथ ही पवार ने सिफारिश की कि भविष्य की कार्रवाई तय करने के लिए राकांपा के वरिष्ठ नेताओं की एक समिति बनाई जाए। समिति में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, पीसी चाको, नरहरि जिरवाल, अजीत पवार, सुप्रिया सुले, जयंत पाटिल, छगन भुजबल, दिलीप वलसे-पाटिल, अनिल देशमुख, राजेश टोपे, जितेंद्र अवध, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे, जयदेव गायकवाड़ और पार्टी फ्रंटल सेल के प्रमुख शामिल होंगे।
शरद पवार के इस्तीफे के ऐलान के बाद एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि पार्टी के नेताओं ने उनसे "हाथ जोड़कर" अपना फैसला बदलने का अनुरोध किया है। राज्य एनसीपी प्रमुख जयंत पाटिल ने भावुक होकर कहा कि पार्टी उनके बिना कार्य करने में असमर्थ होगी। उनका शीर्ष पर बने रहना न केवल राज्य के लिए बल्कि देश के लिए भी महत्वपूर्ण है। यह अचानक फैसला नहीं लिया जा सकता, उन्हें ऐसा फैसला लेने का कोई अधिकार नहीं है।