By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 03, 2021
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 424 नए मामले सामने आए,जो सात माह से भी अधिक समय बाद अब तक की सबसे कम संख्या है। संक्रमण से 14 और लोगों की मौत हो गई और संक्रमण की दर 0.62 प्रतिशत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में कुल मामलों की संख्या 6.26 लाख से अधिक है, वहीं मृतक संख्या 10,585 हो गई है। दिल्ली में शनिवार को 494 नए मामले सामने आए थे और संक्रमण की दर 0.73 प्रतिशत रही। स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने शनिवार को ट्वीट करके कहा था कि पिछले 11दिन से संक्रमण की दर एक प्रतिशत से नीचे बनी हुई है और नए मामलों की संख्या 17मई से सबसे कम है।
27 दिसंबर को 757 मामले सामने आये थे, जबकि 28 दिसंबर को एक दिन में सामने आने वाले नये मामलों की संख्या 564 थी, जो पिछले पांच महीनों में सबसे कम थी। 29 और 30 दिसंबर को दिल्ली में क्रमशः 703 और 677 मामले सामने आये थे। 31 दिसंबर को, 574 मामले और 2021 के पहले दिन 585 नये मामले सामने आये थे।