बदरीनाथ के पास माणा में हिमस्खलन से 57 मजदूर बर्फ में दबे, 16 को बचाया गया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 28, 2025

उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित सीमांत गांव माणा के पास ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फ हटा रहे बीआरओ के 57 मजदूर शुक्रवार को हुए हिमस्खलन के बाद बर्फ के तले दब गए जिनमें से 16 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया।अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रदेश की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बताया कि निर्माण कार्य में लगे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के मजदूरों की सड़क किनारे बनी झोपड़ियां हिमस्खलन की चपेट में आ गईं। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन से 57 मजदूर बर्फ के नीचे दब गए थे जिनमें से 16 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि दबे 41 अन्य मजूदरों को निकालने का कार्य जारी है। बदरीनाथ से करीब तीन किलोमीटर दूर माणा भारत-तिब्बत सीमा पर बसा आखिरी गांव है जो 3200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।

इसे भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी, श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, अब 7 मार्च को खुलेंगे स्कूल

उन्होंने कहा, ‘‘ये मजदूर तिब्बत सीमा की ओर सेना की आवाजाही वाले मार्ग पर नियमित रूप से बर्फ हटाने का काम करते हैं... अभी तक हमें किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। बचाव अभियान जारी है। लेकिन इलाके में बर्फबारी और बारिश के कारण बचाव कार्य प्रभावित हुआ है।’’ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हिमस्खलन से बर्फ में दबे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के 57 मजदूरों में से 16 को बचा लिया गया है। बाकी को बचाने के प्रयास जारी हैं। बचाव अभियान में आईटीबीपी और अन्य विभागों की मदद ली जा रही है। हमारा आपदा प्रबंधन विभाग और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द सभी को सुरक्षित बचा लिया जाए।’’ मुख्य सचिव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, सीमा सड़क संगठन, भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राज्य आपदा प्रतिवादन बल और आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा बचाव और राहत कार्य शुरू किया। रतूड़ी ने बताया कि खराब मौसम और लगातार गिर रही बर्फ के कारण बचाव कार्य में मुश्किल आ रही है। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में हेलीकॉप्टर की सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। इस बीच, घटना की जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री स्वयं राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: जम्मू में आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त, एक घायल

बैठक में मुख्य सचिव, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे और आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन के अलावा भारत तिब्बत सीमा पुलिस के अधिकारी भी मौजूद हैं। चंडीगढ़ स्थित रक्षा भूसूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने बृहस्पतिवार शाम पांच बजे चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में 2,400 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित स्थानों पर 24 घंटे की अवधि के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की थी। देहरादून स्थित मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह इन जिलों में 3,500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर स्थित स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है।

प्रमुख खबरें

Harry Potter TV Series का टीजर रिलीज, Christmas 2026 में नए चेहरों संग लौटेगा पुराना जादू

Global Survey में PM Modi फिर नंबर 1, BJP बोली- Congress नकारात्मकता की नवाब बन गई है

Career Tips: Engineering की इन दो Branch में क्या है फर्क, Career के लिए कौन है बेहतर

अरे तुम क्या हो, बकवास कर रहे हो..योगराज सिंह अश्विन पर बिफरे, अर्जुन तेंदुलकर का किया समर्थन