मौसम का कहर: बिजली गिरने से 71 लोगों की मौत, हिमाचल और जम्मू में भारी बारिश

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 13, 2021

नयी दिल्ली। हिमाचल प्रदेश और जम्मू क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से सोमवार को सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया जबकि कई राज्यों में बिजली गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 71 हो गई। केवल उत्तर प्रदेश में ही बिजली गिरने से 42 लोगों की मौत हो गयी। हालांकि, उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में पहुंच चुके दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारणसोमवार को बारिश हुई, लेकिन दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों को बारिश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी)ने राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लिए मंगलवार को भारी बारिश की चेतावनी के साथ ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में, भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में कई कारें और दो इमारतें बह गईं।

अधिकारियों के मुताबिक राजबाग क्षेत्र में उझ नदी में अचानक आई बाढ़ में एक खानाबदोश समुदाय के 11 लोग फंस गए, जिन्हें पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल के जवानों ने सुरक्षित बचा लिया। बाढ़ में कई जानवर भी बह गए। कठुआ और सांबा जिला प्रशासन ने बाढ़ को लेकर चेतावनी भी जारी की है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के बाद बाढ़ के कारण पठानकोट-जम्मू राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। भारी बारिश के कारण तवी सहित जम्मू की प्रमुख नदियों में जल स्तर बढ़ गया है। मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिगों सहित छह लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। वहीं उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने की घटनाओं में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 42 हो गयी। बिजली गिरने के कारण सबसे अधिक 14 मौतें इलाहाबाद में हुईं, इसके बाद कानपुर देहात और फतेहपुर में पांच-पांच लोगों की मौत हुई। इन घटनाओं में 23 लोग घायल भी हो गए। राजस्थान में रविवार को बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई, जिसमें अकेले जयपुर में ही 12 लोगों की मौत हुई है।

इसे भी पढ़ें: आपातकाल के दौर में संघ से जुड़े, J&K से 370 हटाने में निभाई अहम भूमिका, अब मिला समन्वय का काम, जानिए कौन हैं अरुण कुमार

दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों को बारिश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में सुबह हवा में नमी रही और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा जबकि अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम साढ़े पांच बजे सापेक्षिक आर्द्रता 55 प्रतिशत थी। आईएमडी के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को हल्की बारिश होने के आसार हैं। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के बादल शनिवार से ही राष्ट्रीय राजधानी पर मंडरा रहे हैं, यहां तक कि हवा का रुख भी बदल गया है और पुरवाई हवाएं अपने साथ नमी लाईं हैं। इस बीच, पंजाब और पड़ोसी हरियाणा के कई हिस्सों में सोमवार को भी बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और लंबे समय से चले आ रहे सूखे का दौर खत्म हो गया। इससे तापमान भी नीचे आ गया।दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ गया है और पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में इसका असर दिखाई दे रहा है। पंजाब के अमृतसर में भारी बारिश (56 मिमी) हुई। इसके अलावा हरियाणा के अंबाला, पंचकूला, करनाल और यमुनानगर में भी बारिश हुई। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है, जबकि गुजरात, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र और असम के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और केरल के लिए भी ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

प्रमुख खबरें

Jabalpur Cruise Accident | मौत के आख़िरी पलों का खौफ़नाक वीडियो आया सामने, सील बंद थीं लाइफ जैकेट, क्षमता से अधिक सवार थे लोग | Video

Global Tensions के बीच RBI गवर्नर का ऐलान, भारत की मजबूत बुनियाद और बढ़ाएगी Economy की रफ्तार

वोटों की गिनती से पहले TMC का एक्शन, Mamata Banerjee और Abhishek ने एजेंट्स संग की वर्चुअल बैठक

Narada Jayanti 2026: ज्ञान-बुद्धि का मिलेगा वरदान, इस Special Puja विधि से करें देवर्षि को प्रसन्न