By अनन्या मिश्रा | Nov 24, 2026
आज ही के दिन यानी की 24 नवंबर को सिखों के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर का निधन हो गया था। उनको 'हिंद की चादर' कहा जाता था। गुरु तेग बहादुर को योद्धा गुरु के रूप में याद किया जाता है। उनको अपने विचारों और शिक्षाओं के लिए जाना जाता है। उन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता और समाज में समानता और एकता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। तो आइए जानते हैं उनकी डेथ एनिवर्सरी के मौके पर सिखों के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...
पंजाब के अमृतसर में 01 अप्रैल 1621 को तेग बहादुर का जन्म हुआ था। उनके पिता का नाम गुरु हरगोबिंद सिंह था, जोकि सिखों के छठे गुरु थे। वहीं उनकी माता का नाम नानकी था। तेग बहादुर के बचपन का नाम त्यागमल था। लेकिन करतारपुर की लड़ाई में उनके साहस और पराक्रम के बाद उनको 'तेग बहादुर' नाम मिला था।
गुरु तेग बहादुर को धैर्य, वैराग्य और त्याग की मूर्ति कहा जाता था। उन्होंने करीब 26 साल, 9 महीने, 13 दिनों तक पंजाब के बकाला में ध्यान किया था। गुरु नानक के सिद्धातों, विचारों और शिक्षाओं का प्रचार करने के लिए उन्होंने कश्मीर से लेकर असम तक लंबी यात्रा की। इसके अलावा वह अपना ज्यादा से ज्यादा समय ध्यान में बिताते थे। गुरु तेग बहादुर की रचनाओं में 116 शबद, 782 रचनाएं और 15 राग शामिल हैं।
गुरु तेग बहादुर को 'हिंद की चादर' कहा जाता है। क्योंकि गुरु तेग बहादुर ने कभी मुगलों के अत्याचार के सामने घुटने नहीं टेके। वह अपने सिद्धांत पर अडिग रहे और भारत के आत्मसम्मान को बरकरार रखा। गुरु तेग बहादुर के समकालीन मुगल शासक औरंगजेब था। जोकि जबरन हिंदुओं को इस्लाम कुबूल करने पर मजबूर करता था। तब कश्मीरी पंडित अपनी समस्या लेकर गुरु तेग बहादुर के पास पहुंचे। गुरु तेग बहादुर ने कश्मीरी पंडितों को भरोसा दिलाया कि वह औरंगजेब का विरोध करेंगे।
जिसके बाद मुगल शासक औरंगजेब ने गुरु तेग बहादुर पर इस्लाम कुबूल करने का दबाव बनाया। लेकिन उन्होंने इस्लाम कुबूल करने से इंकार कर दिया, तो औरंगजेब ने गुरु तेग बहादुर का सिर काटने का आदेश दे दिया। वहीं गुरु तेग बहादुर के बलिदान के सम्मान में उनको 'हिंद की चादर' के सम्मान से नवाजा गया।
वहीं 24 नवंबर 1675 को दिल्ली के चांदनी चौक पर गुरु तेग बहादुर जी का सिर काट दिया गया। गुरु तेग बहादुर की याद में उनके शहीदी स्थल पर गुरुद्वारा 'शीशगंज साहिब' बना है।