Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर दान करने से होती है पुण्य की प्राप्ति

By प्रज्ञा पांडेय | Nov 24, 2026

आज कार्तिक पूर्णिमा है इस दिन गंगा स्नान, दान और दीपदान करने का विशेष महत्व है। इसी तिथि पर देव दीपावली भी मनाई जाती है और भगवान विष्णु, भगवान शिव और श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की जाती है तो आइए हम आपको कार्तिक पूर्णिमा का महत्व एवं पूजा विधि के बारे में बताते हैं।

जानें कार्तिक पूर्णिमा के बारे में

भारत में त्योहार का अपना धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्त्व है। इन्हीं पवित्र त्योहारों में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष स्थान है। यह पर्व हिंदू धर्म में अत्यंत शुभ और पवित्र माना जाता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु, भगवान शिव और माता लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्त्व है। इस अवसर पर श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान करते हैं, दीपदान करते हैं तथा गरीबों और जरूरतमंदों को दान देते हैं। इस साल कार्तिक पूर्णिमा का पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। यह पर्व देव दीपावली, त्रिपुरी पूर्णिमा और गंगा स्नान के कारण भी प्रसिद्ध है।

इसे भी पढ़ें: Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदोष काल में दीपदान से मिलेगा 100 अश्वमेघ यज्ञ का फल, प्रसन्न होंगे पितृ

कार्तिक पूर्णिमा का शुभ मुहूर्त

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अंतिम तिथि होती है।
- पूर्णिमा तिथि प्रारंभ: 23 नवंबर 2026, रात 11:42 बजे
- पूर्णिमा तिथि समाप्त: 24 नवंबर 2026, रात 8:23 बजे
- चंद्रोदय: लगभग शाम 5:01 बजे (नई दिल्ली के अनुसार)।

कार्तिक पूर्णिमा का है विशेष धार्मिक महत्त्व

कार्तिक पूर्णिमा को हिंदू धर्म में अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने, भगवान की पूजा करने और जरूरतमंद लोगों को दान देने से पुण्य की प्राप्ति होती है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था। इसलिए इस दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा की जाती है। भक्तजन भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप करते हैं और सुख-समृद्धि तथा शांति की प्रार्थना करते हैं। इस दिन भगवान शिव की पूजा का भी विशेष महत्त्व है। पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध करके तीनों लोकों को उसके अत्याचारों से मुक्त कराया था। इसी विजय के कारण भगवान शिव को त्रिपुरारी कहा जाता है और इस दिन को त्रिपुरी पूर्णिमा भी कहते हैं।

कार्तिक पूर्णिमा पर मनाया जाता है देव दीपावली का पर्व

कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही देव दीपावली मनाई जाती है। इसे देवताओं की दीपावली भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, त्रिपुरासुर पर भगवान शिव की विजय के बाद देवताओं ने दीप जलाकर प्रसन्नता व्यक्त की थी। इस अवसर पर विशेष रूप से वाराणसी के गंगा घाटों को हजारों और लाखों दीपों से सजाया जाता है। गंगा नदी के किनारे दीप जलाए जाते हैं तथा मंदिरों और घरों को सुंदर रोशनी से सजाया जाता है। गंगा आरती का भव्य आयोजन होता है। इस समय वाराणसी का दृश्य अत्यंत मनमोहक और आकर्षक दिखाई देता है। देव दीपावली भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का एक सुंदर उदाहरण है।

कार्तिक पूर्णिमा से जुड़ी पौराणिक कथा भी है रोचक

शास्त्रों में वर्णित पौराणिक कथा के अनुसार राक्षस तारकासुर के वध के बाद उसके तीन पुत्रों—तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली ने ब्रह्मा जी की घोर तपस्या की। वरदान पाकर उन्होंने तीनों लोकों में तीन नगरों (सोने, चांदी और लोहे के) का निर्माण किया, जिन्हें 'त्रिपुर' कहा गया। इन नगरों की शक्ति से तीनों असुरों ने देवताओं और तीनों लोकों को परेशान करना शुरू कर दिया। परेशान देवता भगवान शिव की शरण में गए। कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने एक ही बाण से तीनों नगरों और त्रिपुरासुर का नाश कर दिया। इस विजय के बाद भगवान शिव 'त्रिपुरारी' कहलाए। देवताओं ने प्रसन्न होकर स्वर्ग से आकर दीप जलाए और उत्सव मनाया, जिसे देव दीपावली कहा जाता है।

कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दान का महत्त्व

पंडितों के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्त्व माना जाता है। इस दिन लाखों श्रद्धालु गंगा, यमुना, गोदावरी और अन्य पवित्र नदियों में स्नान करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने से मनुष्य के पापों का नाश होता है और उसे आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है। स्नान के बाद श्रद्धालु गरीबों और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, फल, अनाज तथा अन्य उपयोगी वस्तुओं का दान करते हैं। दान करने का मुख्य उद्देश्य समाज में प्रेम, दया और सहयोग की भावना को बढ़ाना है।

कार्तिक पूर्णिमा पर ऐसे करें पूजा, होगा लाभ

शास्त्रों के अनुसार इस दिन देश के विभिन्न भागों में अलग-अलग धार्मिक परंपराएं निभाई जाती हैं। प्रातःकाल जल्दी उठकर स्नान करें और भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा करें। घर के मंदिर में दीपक जलाएं और तुलसी के पौधे के पास दीप जलाएं। पवित्र नदियों में स्नान और दीपदान करें। गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन तथा वस्त्र दान करें। शाम को चंद्रमा के दर्शन करके अर्घ्य दें। परिवार के सभी सदस्य मिलकर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लें। इन परंपराओं के माध्यम से लोगों में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता की भावना मजबूत होती है।

भारत के विभिन्न स्थानों पर मनाई जाती है कार्तिक पूर्णिमा

भारत के अलग-अलग राज्यों में कार्तिक पूर्णिमा अलग-अलग तरीकों से मनाई जाती है। यहां देव दीपावली का भव्य आयोजन होता है। गंगा के घाट हजारों दीपों से जगमगा उठते हैं। यहां गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम पर श्रद्धालु पवित्र स्नान करते हैं। प्रसिद्ध पुष्कर मेले का आयोजन कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर होता है। बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु यहां आते हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर बोइता बंदाना की परंपरा निभाई जाती है। लोग छोटी नावें जल में प्रवाहित करते हैं। यह परंपरा ओडिशा के प्राचीन समुद्री व्यापार की याद दिलाती है।

कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान करते समय इन बातों का रखें खास ध्यान

पंडितों के अनुसार छत पर खुली हवा चलती है, ऐसे में दीया जल्दी बुझ सकता है, इससे बचने के लिए दीपक को किसी जालीदार कंदील, लालटेन या कांच के पारदर्शी कवर के भीतर रखकर जलाएं। पूजा-पाठ या दीपदान में कभी भी टूटे, चटके या पुराने इस्तेमाल किए हुए मिट्टी के दीपक का उपयोग न करें। छत पर आकाश दीपदान करने के बाद घर के मुख्य दरवाजे की दोनों तरफ, तुलसी के पौधे के पास और अपने पूजा घर में भी एक-एक दीपक जरूर प्रज्वलित करें।

- प्रज्ञा पाण्डेय

प्रमुख खबरें

Horoscope 24 November 2026 Aaj Ka Rashifal: सभी 12 राशियों का कैसा रहेगा आज का दिन, पढ़ें आज का राशिफल

Satya Niketan Building Collapse: Delhi Court ने खारिज की PG संचालक Shubham Tyagi की जमानत

Guru Tegh Bahadur Death Anniversary: हिंद की चादर कहलाए सिखों के नौवें गुरु तेग बहादुर, जानिए शहादत की कहानी

पूर्व PM Sheikh Hasina की 16 दिसंबर को Bangladesh लौटने की तैयारी, विमान की मांग की