By अंकित सिंह | Mar 11, 2025
दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली चुनाव के बाद पहली बार एनडीएमसी परिषद की बैठक हुई और इसमें काफी सार्थक चर्चा हुई। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि अगले 6-8 महीनों में 9,000 नए पानी के कनेक्शन लगाए जाएंगे, जिससे 4,700 लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने सस्ती बिजली खरीदने के विकल्पों पर भी विचार किया है और एनडीएमसी में साफ-सुथरी सड़कें सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण अभियान चलाया जाएगा।
वर्मा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘डबल इंजन’ सरकार के नेतृत्व में हम यमुना के पुनरुद्धार और इसके डूब क्षेत्र की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वर्षों के अवैध अतिक्रमण और कचरा फेंके जाने के कारण यमुना नदी अवरुद्ध हो गई है।’’ उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस संबंध में प्रादेशिक सेना के साथ औपचारिक संवाद करेंगी। मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार कार्य बल की तैनाती के लिए पूर्ण रूप से धन मुहैया कराएगी, जो नियमित गश्त, अनधिकृत निर्माण को रोकने और यह सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होगा कि नदी के किनारों पर कचरा और निर्माण कार्य का मलबा न फेंका जाए।