By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 13, 2022
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के एक सुदूर गांव में भीड़ ने एक धार्मिक पुस्तक की बेअदबी के आरोप में एक अधेड़ व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने रविवार को यह जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना शनिवार शाम जंगल डेरा गांव में हुई, जहां स्थानीय लोग अपनी मगरिब की नमाज के बाद इस घोषणा के मद्देनजर इकट्ठा हुए थे कि एक व्यक्ति ने पवित्र कुरान के पन्ने फाड़कर उन्हें आग लगा दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस घटना से पहले ही गांव पहुंच गई थी, लेकिन भीड़ ने पीड़ित को थाना प्रभारी की हिरासत से छुड़ाकर पेड़ से बांध दिया, जिसके बाद उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने कथित तौर पर बेकसूर होने का दावा किया था, लेकिन गुस्साई भीड़ ने रहम की उसकी गुहार को नजरअंदाज कर दिया।