ऐसे भी कोई जाता है भला...!!

By तारकेश कुमार ओझा | Jun 15, 2020

उस रात शहर में अच्छी बारिश हुई थी। इसलिए सुबह हर तरफ इसका असर नजर आ रहा था। गोलबाजार ओवर ब्रिज से बंगला साइड की तरफ बढ़ते ही डी आर एम आफिस के बगल वाले मैदान में भारी भीड़ जमा थी। बारिश के पानी से मैदान का मोरम फैल कर लाल हो चुका था। मैदान के किनारे लाल रंग की एक शानदार वैन खड़ी थी, जिसे मैने जीवन में पहली बार देखा था। वैन को घेर कर कुछ लोग खड़े थे। कौतूहलवश मैने पास खड़ी एक घरेलू सी महिला से इसकी वजह पूछी। उसने चहकते हुए कहा... फिल्म की शूटिंग चल रही है... इसी लाल वैन में सुशांत सिंह राजपूत है... !  

शूटिंग के दौरान कई मीडिया कर्मियों के फिल्म कंपनी के लोगों से बदसलूकी का शिकार होने से मैने प्रबल इच्छा के बावजूद शूटिंग देखने का इरादा त्याग दिया। शुरूआती दौर में एक रोज डी आर एम आफिस परिसर में शूटिंग होने से कवरेज हमारी मजबूरी हो गई। अनिच्छा से हम शूटिंग स्थल पर पहुंचे ही थे कि निर्माता कंपनी के मार्शल्स हमसे रू ब रू हुए। खुद को मीडिया कर्मी बताने पर मार्शल्स ने कहा कि शूटिंग के दौरान तस्वीर खींचने या कवरेज की मनाही है। वैसे शूटिंग पूरी होने के बाद हम प्रेस कांफ्रेंस करेंगे, वहां आपके हर सवाल का जवाब दिया जाएगा और जो भी तस्वीरें आप चाहेंगे, उपलब्ध करा दी जाएगी। हालांकि न ऐसा होना था और न हुआ। बहरहाल शूटिंग पूरी होकर फिल्म रिलीज भी हो गई। सुना फिल्म ने बंपर कमाई भी की, लेकिन इतने दिनों बाद अतीत का हिस्सा बन चुकी इस घटना का फिर से स्मरण अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की अचानक हुई मौत से हुआ।

इसे भी पढ़ें: सुशांत सिंह राजपूतः एक 'हीरो' का यूं चले जाना

बेहद खुशहाल दिखने वाले एक अभिनेता की इस तरह असामयिक मौत ने सचमुच हिला कर रख दिया मौत को गले लगाने की वजह क्या रही होगी, यह तो पूरी जांच के बाद ही पता लग पाएगा। लेकिन इस घटना ने ग्लैमर की चकाचौंध भरी दुनिया के काले सच को भी लोगों के सामने रख दिया। शायद वो दुनिया वाकई ऐसी न हो जो बाहर से नजर आती है। वर्ना एक युवा अभिनेता यूं ही नहीं चला जाता, यूं अचानक,  अनायास और चुपचाप....!!

- तारकेश कुमार ओझा

(लेखक पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में रहते हैं और वरिष्ठ पत्रकार हैं।)

प्रमुख खबरें

Jaipur के रामपुरा में गिराया गया जर्जर School भवन, 18 लाख से बनेगी नई बिल्डिंग

Rajasthan Civic Polls: BJP ने जारी किया शहरी विकास Sankalp Patra, किए कई बड़े वादे

Indian Economy की मिली-जुली तस्वीर: GST Collection और Digital Payments में उछाल, लेकिन Manufacturing PMI ने बढ़ाई चिंता

Indore में Rahul Gandhi का कार्यक्रम टला, 19 सितंबर को होगी छात्रों की गूंज