By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने सरकारी विमानन कंपनी एलायंस एयर से अपने पायलटों के लिए ‘सिम्युलेटर’ प्रशिक्षण की आवश्यकताओं को मजबूत करने की सिफारिश की है। एजेंसी ने 2024 में भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर विमान के रनवे से पहले उतर जाने की संभावित वजहों में कई खामियों को भी चिह्नित किया है। यह घटना आठ अक्टूबर, 2024 को हुई थी, जब राउरकेला से आ रहा एलायंस एयर का विमान वीटी-आरकेएफ भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर उतरते समय रनवे से पहले ही जमीन को छू गया था।
एजेंसी ने कहा कि खराब मौसम, कम दृश्यता और ‘गो-अराउंड’ की प्रक्रिया शुरू न करने के कारण यह घटना हुई। ‘गो-अराउंड’ वह प्रक्रिया है जब पायलट विमान को रनवे पर उतरने की कोशिश को बीच में ही रोक देते हैं और विमान को दोबारा हवा में ऊपर ले जाकर फिर से उतारने का प्रयास करते हैं। जांच एजेंसी ने अपनी सिफारिश में कहा कि एलायंस एयर को पायलटों के ‘सिम्युलेटर’ प्रशिक्षण की आवश्यकताओं को और मजबूत करना चाहिए।
इसके तहत मूसलाधार बारिश, कम दृश्यता में विमान को उतारने की प्रक्रिया और मौसम बिगड़ने जैसी परिस्थितियों से जुड़े उन्नत अभ्यास शामिल किए जाने चाहिए।