आप का आरोप, कांग्रेस बोल रही भाजपा की भाषा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 15, 2018

नयी दिल्ली। आप ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने और अधिकारियों की हड़ताल खत्म कराने की मांग पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आंदोलन को कांग्रेस द्वारा नकारने पर कहा है कि कांग्रेस भाजपा की बोली बोल रही है। आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आज पू्र्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन द्वारा केजरीवाल की हड़ताल को गैरजरूरी बताने के आरोपों को खारिज करते हुये कहा कि कांग्रेस अपने झूठ को छुपाने के लिये पूर्ण राज्य की मांग पूरी न होने में संविधानिक मजबूरी बता रही है।

उल्लेखनीय है कि दीक्षित ने कहा है, ‘‘पहले केजरीवाल को संविधान पढ़ना चाहिए। यदि उन्हें लगता है कि संविधान में संशोधन की जरूरत है तो उन्हें मोदी जी एवं संसद से सम्पर्क करना चाहिए।’’ दीक्षित ने केजरीवाल के अनशन को राजनीतिक कदम बताते हुये कहा कि लोग धरने के पीछे की राजनीति समझते हैं क्योंकि ‘वे बेवकूफ नहीं हैं।’ 

 

दीक्षित के आरोपों को गलत बताते हुये सिंह ने ट्वीट कर कहा ‘‘अरुणांचल, उत्तरांचल, गोवा, मणिपुर, पुद्दुचेरी तथा कर्नाटक हर मामले में आप लोकतंत्र के पक्ष में खड़ी हुई लेकिन कांग्रेस आज भाजपा की भाषा बोल रही है।’’ अधिकारियों के हड़ताल पर होने की बात को कांग्रेस नेताओं द्वारा गलत बताने पर सिंह ने कहा कि क्या माकन को ये पता नहीं की प्रदूषण को रोकने के लिए मंत्री द्वारा बुलाई गई तैयारी मीटिंग का आईएएस अधिकारियों ने बार बार बहिष्कार किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का तीन महीने से लगातार मंत्रियों द्वारा बुलायी जा रही बैठकों का बहिष्कार करना अगर हड़ताल नहीं है तो इसे और क्या कहेंगे?

 

प्रमुख खबरें

इनकी नीयत में खोट है, इटावा में PM Modi ने खोली Samajwadi Party और Congress के तुष्टिकरण की पोल

संविधान की प्रस्तावना नहीं बदलेगी भाजपा सरकार, आरक्षण रहेगा बरकरार : Rajnath Singh

क्या आप भी बार-बार जिम जाना स्किप करते हैं? आज ही फॉलो करें ये टिप्स

अस्थायी रूप से निलंबित किए गए Bajrang Punia, पहलवान ने दी सफाई, NADA पर लगाया ‘एक्सपायर हो चुकी किट’ देने का आरोप