‘आप’ ने करवा चौथ मनाने के तरीके को लेकर रेखा गुप्ता की निंदा की, भाजपा ने किया पलटवार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 15, 2025

आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा भव्य तरीके से करवा चौथ मनाए जाने को लेकर उनकी निंदा की, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार करते हुए ‘आप’ के नेताओं को ‘‘सनातन धर्म के शत्रु’’ बताया।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस आयोजन का जिक्र करते हुए एक वीडियो साझा किया जिसमें उन्होंने कहा, ‘‘अभी रेखा गुप्ता जी ने करवा चौथ मनाया। रेखा गुप्ता जी ने अपने पति के साथ करवा चौथ मनाया। सब महिलाएं अपने पति के साथ ही मनाती हैं। इसमें क्या बड़ी बात है? क्या यह पहली बार है कि किसी ने अपने पति के साथ करवा चौथ मनाया? आपने देखा वीडियो? हर जगह प्रसारित हो रहा है। एक तरफ पति हैं और दूसरी तरफ करीब सौ सुरक्षा गार्ड हैं जिनकी पत्नियां उनकी वजह से करवा चौथ नहीं मना सकीं।’’

भारद्वाज ने रविवार को ऑटोरिक्शा चालकों के लिए आयोजित दिवाली मिलन समारोह के दौरान यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ‘‘उस वीडियो को देखिए, एक सुरक्षा गार्ड उनकी (रेखा गुप्ता की) करवा चौथ की थाली पकड़े हुए खड़ा है। उसकी अपनी पत्नी शायद वीडियो देख रही होंगी। वह अपने पति को रेखा गुप्ता की करवा चौथ की रस्में निभाने में मदद करते हुए देख रही होंगी और सोच रही होंगी... यही आपके वोट की कीमत है कि रेखा गुप्ता ने करवा चौथ मनाया। जरा देखिए कि आप लोग इसकी कितनी भारी कीमत चुका रहे हैं।’’

इस पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि ‘आप’ को इस बात से दुख हुआ होगा कि मुख्यमंत्री ने सैकड़ों महिलाओं के साथ त्योहार मनाया। पार्टी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘सनातन के दुश्मनों को यह देख कर बहुत दर्द हो रहा है कि दिल्ली की एक महिला मुख्यमंत्री अपने ‘जन सेवा सदन’ में सैकड़ों महिलाओं के साथ करवा चौथ का त्योहार कैसे मना रही हैं?’’

उसने ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल को ‘‘हिंदू विरोधी’’ बताते हुए कहा कि उनके ‘शीश महल’ में लोगों को जाने की अनुमति नहीं थी। भारद्वाज ने इसके जवाब में अपने भाषण का पूरा वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार झूठ पर चल रही है।

प्रमुख खबरें

Surya Parvat Palmistry: हथेली का सूर्य पर्वत तय करता है आपका Career, जानें क्या कहती हैं आपकी रेखाएं

Donald Trump का Iran को Final Warning, देर होने से पहले सुधर जाओ, अंजाम अच्छा नहीं होगा

तकनीकी खराबी के बाद लौटी Air India की London जाने वाली फ्लाइट, Delhi Airport पर सुरक्षित लैंडिंग

कांग्रेस का बड़ा हमला: Asaduddin Owaisi हैं BJP की B-Team, उन्हीं के इशारे पर लड़ते हैं चुनाव