इधर AAP MP Ashok Kumar Mittal को ED ने घेरा, उधर Raghav Chadha को Modi सरकार की ओर से मिल गया सुरक्षा घेरा

By नीरज कुमार दुबे | Apr 15, 2026

आम आदमी पार्टी के भीतर गहराता संकट अब खुलकर सामने आ गया है। हाल ही में आम आदमी पार्टी ने अपने सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया और पिछले सप्ताह उनकी सुरक्षा भी वापस ले ली गयी। इसके बाद केंद्र की मोदी सरकार ने राघव चड्ढा को अपनी ओर से जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान कर दी। मामला तब और गर्मा गया जब उन अशोक कुमार मित्तल के यहां प्रवर्तन निदेशालय यानि ईडी का छापा पड़ गया जिन्हें राज्यसभा में आम आदमी पार्टी का उपनेता बनाया गया था। यानि राघव चड्ढा की जगह उपनेता बने अशोक कुमार मित्तल को ईडी ने घेर लिया है और राघव चड्ढा को मोदी सरकार की ओर से सुरक्षा घेरा मिल गया है।

इसे भी पढ़ें: AAP में साइडलाइन हुए Raghav Chadha? पंजाब सरकार ने वापस ली Z+ Security, क्या हैं इसके मायने?

हम आपको बता दें कि आज सुबह प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पंजाब और हरियाणा में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य अशोक कुमार मित्तल से जुड़े कई स्थानों पर तलाशी ली गई। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून के तहत की गई। जालंधर और गुरुग्राम के करीब दस स्थानों पर छापे मारे गए, जिनमें लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से जुड़े परिसर भी शामिल थे। हम आपको बता दें कि अशोक कुमार मित्तल इस विश्वविद्यालय के चांसलर भी हैं। पार्टी नेताओं ने पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले राजनीतिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इसका जवाब देगी और ऐसे दबाव को स्वीकार नहीं करेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस कार्रवाई की निंदा की और इसे चुनावी रणनीति का हिस्सा बताया।

पार्टी के अन्य नेताओं ने भी केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने सवाल उठाया कि क्या भारतीय जनता पार्टी बिना जांच एजेंसियों के सहारे चुनाव लड़ सकती है? वहीं मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि पहले जांच एजेंसियों की कार्रवाई होती है और उसके बाद राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जाती है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जहां भी चुनाव होते हैं, वहां एजेंसियों का दुरुपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता घट रही है, इसलिए अब एजेंसियों के माध्यम से चुनाव जीतने की कोशिश हो रही है।

इस पूरे मामले में भारतीय जनता पार्टी ने भी पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी को भ्रष्टाचार में लिप्त बताते हुए कहा कि जांच एजेंसियां केवल भ्रष्ट लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत की नीति के तहत भ्रष्टाचार को समाप्त किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

हम आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी के भीतर हालिया विवाद तब शुरू हुआ जब राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप नेता पद से हटा दिया गया। यह पद उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण था और उन्हें पार्टी का प्रमुख चेहरा माना जाता था। पार्टी के अंदर आरोप लगाए गए कि उन्होंने पार्टी की लाइन से हटकर काम किया, केंद्र सरकार के खिलाफ अपेक्षित आक्रामकता नहीं दिखाई और कई महत्वपूर्ण मौकों पर अनुपस्थित रहे।

हालांकि राघव चड्ढा ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए और पार्टी को अपने आरोपों के समर्थन में प्रमाण पेश करने चाहिए। इसके बावजूद विवाद अब इतना बढ़ चुका है कि यह आंतरिक मतभेद से निकलकर सार्वजनिक टकराव बन गया है।

देखा जाये तो पंजाब में आगामी चुनावों के मद्देनजर यह पूरा घटनाक्रम बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। एक ओर पार्टी के भीतर असंतोष और मतभेद हैं, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार की एजेंसियों की कार्रवाई और विपक्षी दलों के हमले स्थिति को और जटिल बना रहे हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी के सामने संगठनात्मक एकता बनाए रखने और राजनीतिक चुनौती से निपटने की दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है।

प्रमुख खबरें

ICC Rankings: हार के बावजूद भारतीय दिग्गजों का जलवा, Shubman Gill नंबर 2 पर, Joe Root की टॉप 10 में वापसी

CJP Student Movement पर 24 साल बाद फिर साथ दिखे Yuvraj Singh और Mohammad Kaif, दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

CWG 2026: Putul Sonowal ने World Champion Ryan Bester को हराकर किया बड़ा उलटफेर, भारत की शानदार शुरुआत

Hansi Flick के भरोसे ने बदली किस्मत, Borussia Dortmund छोड़ Barcelona में शामिल हुए Karim Adeyemi