विधानसभा चुनाव के लिए AAP की तैयारी शुरू, पार्टी के नेता Gopal Rai ने किया उम्मीदवारों के चयन का खुलासा

By Prabhasakshi News Desk | Nov 21, 2024

दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की आम आदमी पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए टिकटों की घोषणा करने से पहले दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में जनता की प्रतिक्रिया जानने के लिए सर्वे कराएगी। पार्टी के प्रदेश संयोजक गोपाल राय के हवाले से इसकी जानकारी भी दी है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के जिला सम्मेलन में सर्वेक्षण के बारे में घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सब कुछ पूर्व मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ही किया जाएगा।

गोपाल राय ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘वर्तमान विधायकों और टिकट चाहने वालों के बारे में लोगों की राय ली जाएगी।’ उन्होंने कहा कि आप जनता की प्रतिक्रिया के आधार पर बड़े फैसले लेती रही है और इस बार भी टिकट वितरण के मामले में ऐसा ही किया जाएगा। किराड़ी विधानसभा क्षेत्र में मंडल प्रभारियों के सम्मेलन में केजरीवाल ने कहा कि टिकट वितरण पार्टी द्वारा कराए गए सर्वेक्षणों के साथ-साथ टिकट चाहने वालों द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर किया जाएगा।

पिछले चुनाव में पार्टी को मिली थीं 62 सीटें

2020 में हुए पिछले चुनावों में ‘आप’ ने 62 विधानसभा सीट जीती थीं। तो वहीं इस बार पार्टी 62 से अधिक सीट जीतकर अपनी संख्या बेहतर करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। केजरीवाल ने कहा कि इस बार टिकट गंभीर विचार-विमर्श के बाद ही वितरित किए जाएंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव फरवरी 2025 में होने हैं। आप के अलावा भाजपा और कांग्रेस भी मैदान में होंगी।

सत्ता में वापसी को बेकरार बीजेपी 

पिछली चुनाव में सिर्फ आठ सीट जीतने वाली भाजपा इस बार चुनाव जीतने और 25 साल के अंतराल के बाद दिल्ली में सरकार बनाने के लिए कमर कस रही है। भारतीय जनता पार्टी ने इससे पहले 1993 में दिल्ली विधानसभा चुनाव जीता था। चुनावों से पहले केजरीवाल और ‘आप’ के अन्य वरिष्ठ नेता पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रचार के लिए तैयार करने के लिए जिला स्तर पर बैठकें कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि ‘आप’ के टिकट पर चाहे कोई भी चुनाव लड़े, पार्टी कार्यकर्ताओं को यह सोचना चाहिए कि पूर्व मुख्यमंत्री सभी 70 सीट पर लड़ रहे हैं और उनकी निष्ठा केवल उनके प्रति होनी चाहिए।

प्रमुख खबरें

BJP और ABVP का विपक्ष के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन, कई राज्यों में रैलियां

Amit Shah मंगलवार को Chhattisgarh राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल

Cyclone Murasu: आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में 120 किमी की रफ्तार से टकराया चक्रवात

China-Pakistan Relations | पाकिस्तान पहुंचे चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के शीर्ष नेता Liu Haixing, पीएम शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर से की उच्च स्तरीय बैठकें