By एकता | Nov 11, 2026
दिल्ली में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर बुधवार को आम आदमी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। दिल्ली आप के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दफ्तर पहुंचे। विरोध दर्ज कराने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी आंखों पर काली पट्टी बांध रखी थी।
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) के आंकड़ों के साथ दिनदहाड़े हेरफेर और धोखाधड़ी की जा रही है, लेकिन आयोग पूरी तरह आंखें मूंदकर बैठा हुआ है।
सीएक्यूएम दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा, "पिछले साल दिवाली की रात सरकार ने एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन बंद कर दिए थे, ताकि पटाखों से होने वाले प्रदूषण का पता न चल सके। यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां कोर्ट ने सीएक्यूएम को स्टेटस रिपोर्ट देने का आदेश दिया था।" उन्होंने आगे कहा, "इस साल भी दिवाली की रात दिल्ली सरकार ने मॉनिटरिंग स्टेशनों से डेटा लेना बंद कर दिया। इतना ही नहीं, जहां ज्यादा प्रदूषण है, वहां मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। लोगों को गुमराह करने और एक्यूआई कम दिखाने के लिए हरियाली वाले इलाकों में नए स्टेशन लगाए जा रहे हैं।"
आप नेता ने आयोग की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि वे कोई धरना देने या हंगामा करने नहीं आए थे, बल्कि अपनी बात रखने पहुंचे थे। सौरभ भारद्वाज ने कहा, "हमने 4 नवंबर को सीएक्यूएम चेयरमैन को लिखित शिकायत भेजी थी। लगभग 10 दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही हमारे पत्र का जवाब दिया गया। हमने चेयरमैन से मिलने का वक्त मांगा, लेकिन समय नहीं दिया गया। सरकार दिनदहाड़े आंकड़ों की चोरी कर रही है और सीएक्यूएम धृतराष्ट्र बनकर बैठा हुआ है। ऐसे आयोग का क्या फायदा?"
प्रदर्शन के दौरान सीएक्यूएम दफ्तर के मुख्य दरवाजे बंद कर दिए गए। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मिलने का समय देने के बजाय उन्हें हिरासत में लेने के लिए पुलिस की गाड़ियां बुला ली गईं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी बात करने को तैयार नहीं हैं और जनता को जहरीली हवा में सांस लेने के लिए छोड़ दिया गया है।