By Ankit Jaiswal | Nov 23, 2026
2018 के कुख्यात बॉल टेंपरिंग विवाद को लेकर क्रिकेट जगत में एक बार फिर बहस तेज हो गई है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने अब इस मामले में नया दावा किया है। उनका कहना है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में ही गेंद के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी थी। यह मुकाबला डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेला गया था। डिविलियर्स के इस बयान से उस पुराने विवाद में एक नया मोड़ आ गया है।
डिविलियर्स ने अपने पॉडकास्ट में कहा कि गेंद को असामान्य रूप से जल्दी रिवर्स स्विंग मिलना उनके लिए संदेह की वजह था। उन्होंने बताया कि किंग्समीड में खेलने का उन्हें काफी अनुभव है और वहां इतनी जल्दी गेंद का रिवर्स स्विंग होना सामान्य नहीं था। उनके मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने वहां किस तरीके का इस्तेमाल किया, यह उन्हें नहीं पता। चाहे सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ हो या किसी दूसरी चीज का, लेकिन उन्हें भरोसा है कि कुछ गलत जरूर हुआ था।
हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने पिछले सप्ताह प्रकाशित अपने करीब 4,000 शब्दों के लेख में साफ कहा था कि डरबन टेस्ट में सैंडपेपर का इस्तेमाल नहीं हुआ था। उनके अनुसार, उस मुकाबले में गेंद को चमकाने के लिए पारंपरिक तरीकों का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि उस टेस्ट में गेंद की जिम्मेदारी उनके पास नहीं थी। उनके मुताबिक, पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए दूसरे टेस्ट के दौरान मामला गंभीर हुआ और वहीं से वह सीधे इस गतिविधि में शामिल हुए।
बता दें कि 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान बैनक्रॉफ्ट कैमरे पर सैंडपेपर छिपाते हुए पकड़े गए थे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। जांच के बाद स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर प्रतिबंध लगाया गया था। इस घटना ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि को काफी नुकसान पहुंचाया था।
डिविलियर्स ने यह भी सवाल उठाया कि इस पूरे मामले में सिर्फ सैंडपेपर पर ही इतनी चर्चा क्यों हो रही है। उनके मुताबिक, असली मुद्दा यह है कि मैदान पर जानबूझकर नियमों के खिलाफ काम करने का फैसला लिया गया था और टीम के कई खिलाड़ियों को इसकी जानकारी थी। उन्होंने माना कि खिलाड़ी गेंद को रिवर्स स्विंग कराने के लिए कानूनी दायरे में रहते हुए कई तरीके अपनाते हैं, लेकिन किसी बाहरी वस्तु का इस्तेमाल करके खुले तौर पर धोखा देना बिल्कुल अलग बात है।
उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती कार्रवाई की भी आलोचना की। डिविलियर्स का कहना है कि बोर्ड ने खिलाड़ियों का साथ देने के बजाय उन्हें अकेला छोड़ दिया। उन्होंने बैनक्रॉफ्ट, वॉर्नर और स्मिथ को दी गई सजा को भी जरूरत से ज्यादा कठोर बताया।
गौरतलब है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अब 2018 की घटना को लेकर एक स्वतंत्र मंच बनाने की तैयारी कर रहा है। इसमें उस दौरे से जुड़े खिलाड़ी और अधिकारी अपनी बात रख सकेंगे, हालांकि किसी को इसमें शामिल होने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। पैट कमिंस ने इसमें हिस्सा लेने की सहमति दी है। बैनक्रॉफ्ट और पूर्व कोच डैरेन लेहमैन भी शामिल होने के संकेत दे चुके हैं, जबकि उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर ने इस प्रक्रिया की उपयोगिता पर सवाल उठाए हैं।