Maharashtra CEO ने खारिज की रिपोर्ट, 2024 विधानसभा चुनाव में वोटिंग आंकड़ों पर दिया स्पष्टीकरण

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने एक मीडिया रिपोर्ट में किए गए इन दावों को भ्रामक, झूठे और बेबुनियाद बताकर खारिज कर दिया कि 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान 288 में से 200 विधानसभा क्षेत्रों में शाम पांच बजे के बाद वोट डालने वाले मतदाताओं का रिकॉर्ड निर्वाचन आयोग के पास नहीं है। बीस नवंबर को द रिपोर्टर्स कलेक्टिव को लिखे पत्र में सीईओ कार्यालय ने कहा कि उसकी रिपोर्ट तथ्यों की गलत जानकारी पर आधारित है। साथ ही, इसमें चुनाव से जुड़े कानूनी रिकॉर्ड और तय प्रक्रियाओं को नजरअंदाज किया गया है।

सीईओ कार्यालय ने बताया कि 20 नवंबर 2024 को 285 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ था। वहीं, गडचिरोली जिले की तीन विधानसभा सीटों पर मतदान अपराह्न तीन बजे ही समाप्त हो गया था। यह जिला पहले नक्सल प्रभावित था।

पत्र के अनुसार, निर्वाचन अधिकारियों (आरओ) ने आयोग के एनकोर सॉफ्टवेयर के माध्यम से शाम 5 बजे तक हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत दर्ज किया था और इन आंकड़ों को वोटर टर्नआउट मोबाइल ऐप पर भी प्रकाशित किया गया था। कार्यालय ने कहा कि मतदान समाप्त होने के बाद पहले अनुमानित आंकड़े जारी किए गए थे, जिसके बाद पीठासीन अधिकारियों के रिकॉर्ड के आधार पर अंतिम और सही आंकड़े तैयार करके ऐप पर अपलोड किए गए। कार्यालय ने यह भी बताया कि चुनाव परिणाम घोषित होने के 72 घंटे के अंदर प्रमाणित इंडेक्स कार्ड निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए थे, जिनमें हर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या, ईवीएम और पोस्टल बैलट के जरिए डाले गए वोट का पूरा ब्योरा था।

चुनाव परिणाम 23 नवंबर 2024 को घोषित हुए थे। मीडिया रिपोर्ट में यह चिंता जताई गई थी कि मतदान के आखिरी एक घंटे में फर्जी वोटिंग होने की आशंका है, क्योंकि उस समय मतदान केंद्रों पर उम्मीदवारों के एजेंट संभवत: मौजूद नहीं थे। कांग्रेस, शिवसेना (उबाठा) और राकांपा (शप) के विपक्षी नेताओं ने इस मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि इसके निष्कर्ष महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में मतदान के आखिरी घंटों के दौरान मतों की संख्या में अचानक हुई बढ़ोतरी को लेकर उनके आरोपों की पुष्टि करते हैं।

विपक्षी दलों शिवसेना (उबाठा), कांग्रेस और राकांपा (शप) के गठबंधन एमवीए को विधानसभा चुनावों में बड़ा झटका लगा था। साल 2024 के लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र में अच्छा प्रदर्शन करने के कुछ महीने बाद हुए विधानसभा चुनावों में शिवसेना (उबाठा) को 20, कांग्रेस को 16 और राकांपा (शप) को 10 सीट पर जीत मिली थी। महाराष्ट्र में 2024 के लोकसभा चुनावों में महा विकास आघाडी (एमवीए) ने 48 में से 30 सीट पर जीत हासिल की थी।

प्रमुख खबरें

NSEL ने 1,950 करोड़ रुपये का OTS भुगतान जारी किया, 14 साल पुराना संकट सुलझा

Rajgir में पहली बार होगा FIH Pro League, Germany और Argentina से भिड़ेगी Indian Team

Ball Tampering विवाद पर बोले AB de Villiers Durban Test से ही शुरू हुई थी छेड़छाड़

भारतीय AI कंपनियों का निवेश दोगुना, जुटाए 1.6 अरब डॉलर: Tracxn रिपोर्ट