CEC Gyanesh Kumar के इस्तीफे पर अड़े Abhijeet Deepke, दी राष्ट्रव्यापी आंदोलन की चेतावनी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 01, 2026

मुंबई, एक अक्टूबर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की बृहस्पतिवार को मांग की और आगाह किया कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे तथा अक्टूबर के अंत से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन किया जायेगा। दीपके ने कहा कि कॉजपा छह अक्टूबर को निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी और यह एक स्वतंत्र आंदोलन रहेगा। दीपके ने यहां मुंबई प्रेस क्लब में कहा कि कॉजपा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दो अक्टूबर को शहर के दादर इलाके के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने यह बात फडणवीस की उस चेतावनी के संदर्भ में कही, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रदर्शनकारियों को यह नहीं भूलना चाहिए कि अगर उन्हें गिरफ्तार किया गया, तो जमानत मिलने में तीन दिन लगेंगे। दीपके ने कहा, ‘‘मैं जेल जाने से नहीं डरता। मैं बार-बार प्रदर्शन करने के लिए वापस आऊंगा।’’ उन्होंने कहा कि जब तक कुमार इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक प्रदर्शन जारी रहेंगे।

दीपके ने कहा, ‘‘गोवा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में प्रदर्शन किए जाएंगे। अगर वह इस्तीफा नहीं देते हैं, तो अक्टूबर के अंत से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जायेगा।’’ छह अक्टूबर को निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्षी सांसदों के प्रस्तावित प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर दीपके ने कहा कि कॉजपा किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं होगी। दीपके ने कहा, ‘‘लेकिन मैं ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रयासों की वास्तव में सराहना करता हूं।

हर भारतीय को चुनाव में धांधली के बारे में बोलना चाहिए और ‘इंडिया’ गठबंधन को भी ऐसा करना चाहिए।’’ उन्होंने यह मांग भी की कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नियुक्ति पारदर्शी ढंग से होनी चाहिए और इसमें नागरिक समाज की भागीदारी भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2025 की मतदाता सूची में ‘‘आगे कोई बदलाव नहीं किया जाना चाहिए’’। दीपके ने सवाल किया, ‘‘अब कोई भरोसा नहीं रह गया है।

लोकतंत्र में जनता सरकार चुनती है। लेकिन अब देश कैसे चलाया जा रहा है? सरकार यह तय कर रही है कि मतदाता कौन होंगे।

यह कैसा लोकतंत्र है?’’ कई विपक्षी दलों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की आलोचना की है और उनके इस्तीफे की मांग की है। विपक्षी दलों ने यह मांग तब की जब कुछ दिनों पहले ही अंग्रेजी दैनिक इंडियन एक्सप्रेस’ की खबर में दावा किया गया था कि निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने देशभर में मतदाता सूची के ‘एसआईआर’ के दौरान नाम जोड़े और हटाए जाने समेत कई मुद्दों पर आपत्तियां जताई थीं। निर्वाचन आयोग ने हालांकि एक बयान में स्पष्ट किया था कि तीन सदस्यीय आयोग ने एसआईआर समेत सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए हैं।

इस बीच रेलवे ने दो अक्टूबर को शिवाजी पार्क में प्रस्तावित कॉजपा के प्रदर्शन के मद्देनजर दादर स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी और अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों को तैनात किया। महानगर में पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे के नेटवर्क का हिस्सा दादर देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक है और प्रतिष्ठित शिवाजी पार्क के सबसे नजदीक है। मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों समेत लगभग 40 अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया गया है।

प्रमुख खबरें

पूर्व IAS Divya Mittal के सवाल उठाते ही Mirzapur के स्कूल भवन का निर्माण शुरू

Squash Semifinal: Anahat Singh की शिकस्त के बाद Asian Games फाइनल की रेस से बाहर हुआ भारत

गंडक नदी का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर पार, Bihar में तटबंधों पर बढ़ा दबाव

Anup Bagchi बने HDFC Bank के नए MD और CEO, RBI ने 3 साल के लिए दी मंजूरी