Kolkata में अभिषेक बनर्जी के घर बाहर फुटपाथ से हटा ढांचा, चला बुलडोजर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास के बाहर बृहस्पतिवार को नगर निकाय ने बुलडोजर चलाकर फुटपाथ पर बना बांस का अस्थायी ढांचा हटा दिया। अधिकारियों ने पैदल यात्रियों की आवाजाही में कथित बाधा बन रहे लोहे के गेट को भी गैस कटर से काटकर हटा दिया। यह कार्रवाई बनर्जी के 121, कालीघाट रोड स्थित आवास के बाहर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

इस दौरान कोलकाता पुलिस और केंद्रीय बलों के जवान तैनात थे। नगर निकाय के कर्मचारियों ने पहले बुलडोजर से ढांचे को गिराया और फिर बांस के खंभे हटाकर फुटपाथ खाली कराया। यह ढांचा विवाद का विषय बना हुआ था।

टीएमसी का कहना था कि इसे पश्चिम बंगाल सुरक्षा निदेशालय ने बनर्जी को जेड-प्लस सुरक्षा मिलने के दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों के लिए बनवाया था। पार्टी ने इसे सांसद द्वारा कराया गया अनधिकृत निर्माण मानने से इनकार किया था। टीएमसी प्रवक्ता अर्का नाग ने बुधवार को कहा था कि अतिरिक्त सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद ढांचे की जरूरत नहीं रह गई थी और बनर्जी की ओर से इसे हटाने की व्यवस्था की जा रही थी।

उनके कार्यालय के कर्मचारियों ने बुधवार को इसे हटाना भी शुरू कर दिया था। विवाद बुधवार को तब और बढ़ गया, जब बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी वाहनों के जरिये उनके आवास के बाहर निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया था।

टीएमसी ने दावा किया था कि पुलिसकर्मी ढांचा हटवाने के लिए वहां पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने भी ढांचे पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि इससे फुटपाथ पर पैदल चलने वालों को परेशानी होती थी और उन्हें भीड़भाड़ वाली सड़क से गुजरना पड़ता था।

छह नवंबर को बनर्जी के जन्मदिन समारोह के दौरान कालीघाट में बड़ी संख्या में लोगों के ढांचे के नीचे जुटने के बाद यह विवाद और बढ़ा। पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने और टीएमसी के मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरने के बीच इस कार्रवाई ने राजनीतिक टकराव को और बढ़ा दिया है।

प्रमुख खबरें

Pranab Mukherjee की पीएम बनने की इच्छा पर Sonia Gandhi के दावे पर बंगाल कांग्रेस में बंटे सुर

Auqib Nabi को गति से अधिक अपनी घरेलू सीम पर भरोसा, New Zealand में सफलता की उम्मीद

ReNew आंध्र प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्ट्स पर 29,500 करोड़ रुपये खर्च करेगी

Japan ने Andhra Pradesh से की दुर्लभ खनिजों की नियमित आपूर्ति की मांग