दुर्घटना और सख्त कार्रवाई (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Sep 23, 2026

दुर्घटना के बाद शक्तिशाली अधिकारी द्वारा, महंगी कुर्सी पर बैठकर बहुत सख्त कार्रवाई के आदेश दिए जाते हैं। उनके पीछे दीवार पर महान आत्माओं की तस्वीरें, पुराने उदास फ्रेम में जड़ी और लटकी होती हैं। जिसके नीचे पीतल से बने अक्षरों में ‘सत्यमेव जयते’ लिखा होता है। इससे ज्यादा और क्या हो सकता है कि सख्त कार्रवाई करने के आदेश देने वालों को लापरवाही बिलकुल पसंद नहीं होती। दुर्घटना के मामले में सार्वजनिक परेशानी हो तो सख्त कार्रवाई करने के आदेश ज़रूरी होते हैं। गलतियों की समीक्षा तुरंत किए जाने की ज़रूरत भी होती है। नियम और सख्त कर दिए जाते हैं। 

इसे भी पढ़ें: कार्रवाई और कार्यवाही (व्यंग्य)

सख्त कार्रवाई के अंतर्गत आदेश दिए जाते हैं कि दुर्घटना आशंकित क्षेत्रों में उचित पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। अच्छी किस्म की रिफ्लेक्टर लाईट, चमकीले टेप लगाए जाएं। क्षेत्र की बार्केडिंग दोबारा अच्छे से की जाए। धूल से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम शुरू की जाए। पैदल रास्ते भी सुरक्षित किए जाएं। सीसीटीवी नियमित रूप से चालू रखे जाएं।  ट्रैफिक परिवर्तन की समुचित व्यवस्था हो। सम्बंधित कार्यालयों से इन कार्यों के निर्देश सार्वजनिक होते ही, काम करवाने वाले ठेकेदार टेंडर भरने की प्रतीक्षा करने लगते हैं।

कुछ सख्त निर्देश ऐसे भी रहते हैं जो कार्यालय वालों ने सिर्फ पढ़ने होते हैं, जैसे यदि दुर्घटना हो जाए तो अविलम्ब मेडिकल सुविधा उपलब्ध हो। उचित मुआवजा देने का प्रावधान हो। फरार होने वालों को अविलम्ब पकड़वाया जाए ताकि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अविलम्ब शुरू हो।  जांच बारीकी से हो ताकि खड़े होने वाले सवालों को बिठाया जा सके।  

दुर्घटना के संदर्भ में चश्मदीद गवाह का रोल बहुत संजीदा होता है। व्यवस्था और अर्थ व्यवस्था उसके पीछे पड़ सकती है ताकि उसका रोल बदला जा सके। शासकीय निरीक्षण के दौरान सभी विभाग समन्वय, सदभाव और सहयोग बनाए रखने के सख्त निर्देशों का पालन करते हुए अजीब लगते हैं। घटना के वास्तविक कारणों की तकनीकी, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक जांच की जाएगी, प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ बहुत ज्यादा सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कीमत पर, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। ईमानदार और पारदर्शी एजेंसी से ऑडिट भी करवाया जाएगा। ऐसे शोरदार बयान उचित तरीके से जारी किए जाते हैं। 

कार्रवाई के दौरान बेचारा सिस्टम आम तौर पर पस्त, निरस्त और ध्वस्त रहता है। मेहनती कर्मचारियों को आराम करने का मौक़ा मिलता है। यह बात दीगर है कि हर फाइल को पता होता है कि कुछ समय बाद उसे बंद होना ही है। दुर्घटना के बाद सख्त कार्रवाई, बहुत मुश्किल या आसान लेकिन ज़रूरी काम होता है।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

एक बार शादी के बेहद करीब पहुंचकर क्यों पीछे हट गई थीं Shurti Haasan? खुद खोल दिए सारे राज

India A बनाम Australia A: कुमार कुशाग्र के शतक और शम्स मुलानी की फिरकी से मेजबान टीम मजबूत

सेंसर बोर्ड की कैंची से बची सिद्धार्थ-तमन्ना की The Vvaan, 25 सितंबर को होगी रिलीज

ट्रंप-जिनपिंग मीटिंग से पहले चीन के नास्त्रेदमस की क्या भविष्यवाणी आई! ट्रंप सच में करने वाले हैं कुछ ऐसा?