मीडिया कारोबार में गौतम अडाणी की बड़ी छलांग, जानिए कैसे हुआ सौदा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 24, 2022

नयी दिल्ली। न्यू दिल्ली टेलीविजन लि. (एनडीटीवी) में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने के साथ उद्योगपति गौतम अडाणी का समूह समाचार चैनल क्षेत्र में कदम रखेगा। अडाणी समूह अपनी महत्वाकांक्षी विस्तार योजना के तहत मीडिया क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देना चाहता है। अडाणी समूह ने इससे पहले प्रतिद्वंद्वी उद्योगपति मुकेश अंबानी से पूर्व में जुड़ी एक कंपनी का अधिग्रहण किया था। इस कंपनी ने 2008-09 में एनडीटीवी को 250 करोड़ रुपये का ऋण दिया था। अडाणी समूह की कंपनी ने इस ऋण को अब समाचार चैनल में 29.18 प्रतिशत हिस्सेदारी में बदलने के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया है। समूह ने मंगलवार को बयान में कहा कि इसी के साथ उसने एनडीटीवी में 26 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिये 493 करोड़ रुपये की खुली पेशकश की है। इससे पहले एनडीटीवी ने कहा था कि उसके प्रवर्तक कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने के लिए किसी से बातचीत नहीं कर रहे हैं।

समूह ने कहा, ‘‘एएमवीएल की पूर्ण अनुषंगी विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (वीसीपीएल) के आआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड (आरआरपीआर) में ‘वॉरंट’ हैं। कंपनी के पास इस वॉरंट को 99.9 प्रतिशत हिस्सेदारी में बदलने का अधिकार है। वीसीपीएल ने इसका इस्तेमाल कर आरआरपीआर में 99.5 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है।’’ बयान के अनुसार, ‘‘आरआरपीआर दरअसल एनडीटीवी की प्रवर्तक कंपनी है। इसकी समाचार कंपनी में 29.18 प्रतिशत हिस्सेदारी है।’’ अडाणी समूह की तीन कंपनियों ने एनडीटीवी में लगभग 493 करोड़ रुपये में अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए खुली पेशकश की है। इससे पहले अडाणी समूह ने दिन में कहा था कि उसने 114 करोड़ रुपये में वीसीपीएल को खरीद लिया है। वीसीपीएल शुरुआत में अंबानी समूह से जुड़ी हुई थी लेकिन इसके स्वामित्व को वर्ष 2012 में दिल्ली के एक नहाटा समूह को स्थानांतरित कर दिया गया था। वहीं, अंबानी की जियो ने दूरसंचार क्षेत्र में वापस उतरने के लिए नहाटा समूह के इन्फोटेल ब्रॉडबैंड को वर्ष 2010 में खरीद लिया था।

इसे भी पढ़ें: भारत में शुरू हुआ iPhone 14 का प्रोडक्शन, क्या कम हो जाएंगे दाम? यहां जानिए

वीसीपीएल ने अडाणी मीडिया नेटवर्क्स लिमिटेड और अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के साथ मिलकर एनडीटीवी के 1,67,62,530 पूर्ण चुकता इक्विटी शेयरों के अधिग्रहण के लिए 294 रुपये प्रति शेयर के मूल्य की पेशकश की है। एनडीटीवी का शेयर मंगलवार को बीएसई में 2.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ 366.20 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी के शेयरों में इस वर्ष अबतक 300 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। हालांकि, समूह की तरफ यह खुली पेशकश कंपनी के शेयर मूल्य से 19.71 प्रतिशत कम है। अडाणी समूह पिछले कुछ महीनों से मीडिया जगत में प्रवेश करना चाहता था। पिछले साल सितंबर में समूह ने अपनी मीडिया कंपनी अडाणी मीडिया वेंचर्स का नेतृत्व करने के लिए वरिष्ठ पत्रकार संजय पुगलिया की नियुक्ति की थी। एएमजी मीडिया नेटवर्क्स लिमिटेड (एएमएनएल) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संजय पुगलिया ने कहा कि यह अधिग्रहण नए जमाने के मीडिया का मार्ग प्रशस्त करने के कंपनी के लक्ष्य की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

प्रमुख खबरें

F&O Trading में घाटे का डर: SEBI के कड़े नियमों के बाद भी निवेशकों को औसतन ₹1.16 Lakh का भारी Loss

Data Privacy के साथ Meta का नया धमाका, Muse Glimmer AI Model अब सीधे आपके PC पर होगा डाउनलोड और कंट्रोल

ट्रंप मीडिया को $238 Million का भारी घाटा, Bitcoin और Crypto बाजार में गिरावट ने बढ़ाई Donald Trump की टेंशन

Banking Sector में UPI जैसा बदलाव लाएगा AI, कर्ज देने के पुराने तरीके बदलेंगे RBI Governor Sanjay Malhotra