By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026
अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन (एपीएसईजेड) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 18 प्रतिशत बढ़कर 3,682.44 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 3,120.20 करोड़ रुपये रहा था। एपीएसईजेड ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 11,609.77 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 10,004.06 करोड़ रुपये थी।
इसमें चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में योजना से अधिक किया गया निवेश भी शामिल है। इसके बावजूद शुद्ध ऋण और कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) का अनुपात केवल 1.8 गुना बना हुआ है। यह हमारे कारोबारी मॉडल की मजबूती और पूंजी के विवेकपूर्ण इस्तेमाल को दर्शाता है।’’ एपीएसईजेड ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में पूंजीगत व्यय अधिक रहने के बावजूद उसने 2,806 करोड़ रुपये का मुक्त नकदी प्रवाह अर्जित किया।
कंपनी ने कहा कि एपीएसईजेड के 2031 के लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने के साथ उसने पूंजीगत व्यय का अनुमान 3,000 करोड़ रुपये बढ़ाकर 15,000-17,000 करोड़ रुपये कर दिया है। वैश्विक स्तर पर विविध कारोबार वाले अदाणी समूह का हिस्सा एपीएसईजेड भारत में बंदरगाहों का विकास एवं संचालन करने वाली सबसे बड़ी कंपनी है। इसके पश्चिमी तट पर रणनीतिक रूप से स्थित सात और पूर्वी तट पर आठ बंदरगाह तथा टर्मिनल हैं।