By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 19, 2021
नयी दिल्ली। देश के विभिन्न हिस्सों में कोविड-19 के मामलों में तेजी से वृद्धि की ओर ध्यान दिलाते हुए राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को सभी सांसदों एवं आम लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने, कोरोना वायरस के रोकथाम के दिशानिर्देशों का पालन करने तथा पात्र लोगों से टीका लगवाने की अपील की। उच्च सदन की बैठक शुरू होते ही नायडू ने सभी सांसदों से अपील की कि वे न केवल स्वयं बल्कि अपने क्षेत्र के लोगों को कोरोना वायरस के रोकथाम के दिशानिर्देशों का पालन करने और पात्र लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ राज्यों से इस (कोरोना) वायरस महामारी के फैलने की जो खबरें आ रही हैं, उनके मद्देनजर मैं यहां मौजूद अथवा अपने संबंधित क्षेत्र में उपस्थित संसद के सभी सदस्यों से अपील करना चाहता हूं कि वे अतिरिक्त सतर्कता बरतें। मैं जानता हूं कि आप सार्वजनिक जीवन जीते हैं और अपने को अलग-थलग नहीं रख सकते हैं। ’’