बांग्लादेश में Chinmoy Krishna Das की सुरक्षा पर अधीर ने विदेश मंत्रालय से पूछा सवाल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने बांग्लादेशी हिंदू संत चिन्मय कृष्ण दास की सुरक्षा और कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए भारत के राजनयिक प्रयासों पर बुधवार को सवाल उठाए जबकि सत्तारूढ़ भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने उनकी शीघ्र रिहाई की मांग की। कांग्रेस और भाजपा नेताओं के ये बयान चिन्मय कृष्ण दास को चटगांव जेल से ढाका की एक विशेष जेल में स्थानांतरित करने की खबरों के बाद आए हैं। चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में संत को कथित तौर पर स्थानांतरित किये जाने के बाद उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई, और यह जानना चाहा कि विदेश मंत्रालय ने इस मामले में क्या कदम उठाए हैं।

उन्होंने लिखा, ‘‘नवंबर 2024 से बांग्लादेश में हिरासत में रखे गए हिंदू संत चिन्मय कृष्ण दास को बिना किसी स्पष्ट कारण के चटगांव से ढाका जेल स्थानांतरित कर दिया गया है, जिससे उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा हो गई हैं। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में क्या राजनयिक कदम उठाए हैं?’’ भाजपा नेता भट्टाचार्य ने बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पड़ोसी देश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के भारत के साथ गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बस एक ही बात कहनी है, बांग्लादेश में रहने वाले अल्पसंख्यक वहां के घोष, बोस, दत्ता और मित्रा, चकमा और मतुआ समुदाय के लोग हमारे ही खून हैं, हमारे भाई हैं।’’ भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों को सताया जा रहा है और उन पर हमले किए जा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ की गई है और सांस्कृतिक तथा ऐतिहासिक महत्व वाली कई जगहों को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर और सुनील गंगोपाध्याय के पैतृक घरों, तथा प्रतापादित्य की स्मृति से जुड़े एक मंदिर पर हुए कथित हमलों का भी जिक्र किया। बांग्लादेश में हिंदुओं के अधिकारों पर दास के रुख का जिक्र करते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि उस संत ने जोर देकर कहा था कि वह देश उनकी मातृभूमि है और वहां की हिंदू आबादी को भारत जाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।

भट्टाचार्य ने दास की गिरफ्तारी के समय के हालात को भी याद किया और कहा कि संत द्वारा अपनी मृत मां को गले लगाने के दृश्यों ने लोगों पर गहरा असर डाला था। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी ने उनकी गिरफ्तारी का वह दिल दहला देने वाला मंजर देखा है। हम चाहते हैं कि उन्हें जल्द ही रिहा कर दिया जाए।’’ ‘हिंदू सम्मिलित सनातन जागरण जोट’ के प्रवक्ता दास को नवंबर 2024 में बांग्लादेश के राष्ट्रीय ध्वज का अनादर करने के आरोपों की वजह से राजद्रोह के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

प्रमुख खबरें

Agra-Lucknow Expressway पर सर्दी में बदली स्पीड लिमिट, रात में 50 से 60 किमी तय

Shreyas Iyer की कप्तानी वाली Team India पर ICC का एक्शन, 5वें ODI में 35% मैच फीस कटी

IBSF World Snooker Championship: आदित्य मेहता, अमी कमानी और कीर्तना का इंदौर में दबदबा

Assam सरकार Zubeen Garg के स्मारक स्थल के लिए देगी 15 करोड़ रुपये