India में पहली बार 'मेजबान' बनेगा Afghanistan, दिल्ली में आयोजित T20 Series से होगी Asian Games की अंतिम तैयारी

By Ankit Jaiswal | Jul 24, 2026

एशियाई खेल 2026 से पहले भारत और अफगानिस्तान की क्रिकेट टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गई हैं। इसी कड़ी में दोनों देशों के बीच सितंबर में तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेली जाएगी। मौजूद जानकारी के अनुसार यह श्रृंखला 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित होगी और दोनों टीमों के लिए एशियाई खेलों से पहले अहम अभ्यास का अवसर मानी जा रही हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में अफगानिस्तान ने भारत का दौरा किया था, जहां दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट और तीन एकदिवसीय मुकाबले खेले गए थे। उस दौरे में अफगानिस्तान को सभी मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि भीषण गर्मी में हुए उन मुकाबलों को लेकर कई पूर्व खिलाड़ियों और विशेषज्ञों ने सवाल भी उठाए थे।

इसके बाद भारतीय टीम ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में आयरलैंड का दौरा किया, जहां उसे टी-20 श्रृंखला में निराशाजनक प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। फिर इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला में भारत को 4-0 से हार मिली। इसके बाद शुभमन गिल की कप्तानी में खेली गई एकदिवसीय श्रृंखला में भी भारत शुरुआती बढ़त लेने के बावजूद 2-1 से श्रृंखला हार गया। उस टीम में विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह जैसे वरिष्ठ खिलाड़ी भी शामिल थे।

मौजूद जानकारी के अनुसार भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने एशियाई खेलों के लिए मजबूत टी-20 टीम का चयन किया है। श्रेयस अय्यर टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान बनाए गए हैं। टीम में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

बता दें कि एशियाई खेलों की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 1 अक्तूबर तक आयोजित होगी। इससे पहले श्रीलंका दौरे पर भारत दो टेस्ट मुकाबले भी खेलेगा। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ यह टी-20 श्रृंखला भारतीय टीम के लिए लय हासिल करने और अंतिम तैयारियों को परखने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती हैं।

प्रमुख खबरें

Allahabad High Court ने मृत व्यक्ति के नाम Learning Licence बनने पर केंद्र और यूपी से मांगा जवाब

पीलीभीत में Punjab and Sindh Bank के वरिष्ठ अधिकारी 8.52 करोड़ की धोखाधड़ी में गिरफ्तार

Telangana Assembly के पहले दिन भारी हंगामा, HC ने BRS विधायकों को रोकने पर पुलिस को लगाई फटकार

West Asia में तनाव के बीच व्यापार और कनेक्टिविटी बढ़ा रहा भारत, S Jaishankar ने दी जानकारी