By अनुराग गुप्ता | Feb 23, 2021
वायनाड। पुडुचेरी में सोमवार को कांग्रेस की सरकार गिर चुकी है और मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने उपराज्यपाल टी सौंदरराजन को अपना इस्तीफा दे दिया है। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल मलप्पुरम में केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए चुनी हुई सरकारों को गिराने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि वो एक के बाद एक चुनी हुई सरकारों को गिराते हैं।
उन्होंने कहा कि पहली बार दिल्ली में एक सरकार (केंद्र सरकार) है जो अपनी इच्छा और ताकत न्यायपालिका पर थोप रही है। सरकार न्यायपालिका को वो नहीं करने दे रही है जो उसे करना चाहिए और ऐसा सिर्फ न्यायपालिका के साथ ही नहीं है, बल्कि हमें लोकसभा और राज्यसभा में भी चर्चा नहीं करने दिया जाता है।