By अंकित सिंह | Jun 07, 2024
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह 18वीं लोकसभा नयी ऊर्जा, युवा ऊर्जा का सदन है; लोगों ने राजग सरकार को एक और मौका दिया है। उन्होंने कहा कि मैं लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम अपने अगले कार्यकाल में उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के प्रयासों में कोई कमी नहीं रखेंगे। राष्ट्रपति ने मुझे अगली सरकार बनाने का न्योता दिया, उन्हें सूचित कर दिया है कि शपथग्रहण समारोह रविवार को हो सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के बाद यह पहला चुनाव है... तीसरी बार एनडीए सरकार को जनता ने देश की सेवा करने का मौका दिया है। मैं देश की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि पिछले दो कार्यकाल में... देश जिस तेजी से आगे बढ़ा है, हर क्षेत्र में बदलाव दिख रहा है और 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना हर भारतवासी के लिए गर्व का क्षण है। इससे पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और केंद्र में सरकार बनाने का दावा पेश किया था। एनडीए ने नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान, जयंत चौधरी, अनुप्रिया पटेल सहित अपने सहयोगियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसके दौरान उन्होंने अपने गठबंधन के नेता के रूप में पीएम मोदी के नाम को मंजूरी दी।