By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 08, 2023
महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने शुक्रवार को कहा कि सन् 1659 में बीजापुर सल्तनत के सेनापति अफजल खान का वध करने में छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा इस्तेमाल किए गए ‘वाघनख’ (बाघ के पंजे जैसा लोहे का हथियार) को नवंबर में लंदन से भारत लाए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 17वीं सदी के मराठा शासक छत्रपति की प्रसिद्ध ‘जगदंबा’ तलवार को भी लंदन के संग्रहालय से वापस लाने की कोशिश की जा रही है। वाघनख को वापस लाने के वास्ते मुनगंटीवार सहमति पत्र पर दस्तखत करने के लिए इस महीने ब्रिटेन जाएंगे। मुनगंटीवार ने कहा, ‘‘पहले चरण में हम वाघनख ला रहे हैं। यह यहां नवंबर में लाए जाने की संभावना है और हम इसके लिए सहमति पर हस्ताक्षर करने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘वाघनख हमारे लिए प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत है। इस साल शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की 350वीं वर्षगांठ है।’’ लंदन स्थित विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूजियम में इस वाघनख को रखा गया है। इस संग्रहालय के अनुसार, यह हथियार ईस्ट इंडिया कंपनी के अधिकारी जेम्स ग्रांट डफ (1789-1858) को दिया गया था जिसे तत्कालीन सातारा रियासत का रेसीडेंट (राजनीतिक एजेंट) नियुक्त किया गया था। मराठा साम्राज्य के तत्कालीन पेशवा (प्रधानमंत्री) ने डफ को यह वाघनख दिया था।