By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026
अहमदाबाद, दो नवंबर अहमदाबाद जिले के एक गांव में मानसिक रूप से निशक्त एक व्यक्ति ने अपने 10 वर्षीय बेटे का सिर घर में देवी की वेदी पर कथित तौर पर पटककर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव के पास ही चारपाई पर सो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना रविवार रात साणंद तालुका के विंछिया गांव में हुई।
चौहान ने बताया, ‘‘व्यक्ति ने घर में देवी की छोटी-सी वेदी पर अपने बेटे करण की हत्या कर दी और उसके शव के पास ही चारपाई पर सो गया। आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पति से झगड़े के बाद बच्चे की मां अपने मायके चली गई थी।’’ बेटे का स्कूल होने के कारण भारतीबेन उसे पति के पास छोड़कर मायके चली गई थी।
रविवार रात एक पड़ोसी ने फोन कर महिला को घटना की जानकारी दी। रात करीब साढ़े नौ बजे गांव पहुंचने पर उसने बेटे को खून से लथपथ हालत में चारपाई पर पड़ा पाया। उसके माथे पर चोट का निशान था।
प्राथमिकी के अनुसार, पटेल भी उसी चारपाई पर लेटा हुआ था और उसके कपड़ों पर खून लगा था। महिला के अनुसार, जब उसने पति से बेटे की मौत के बारे में पूछा तो पटेल ने कहा कि उसके पिता देवी के ‘भुवा’ थे और उसने यह भूमिका उनसे संभाली थी। महिला ने आरोप लगाया कि पटेल ने कहा कि उसने अपने इकलौते बेटे की बलि इसलिए दी, ताकि उसके बाद परिवार में कोई भी ‘भुवा’ न बने।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पटेल ने बच्चे को पैरों से पकड़कर घर में देवी की वेदी के सामने दो से तीन बार जमीन पर पटका और फिर डंडे से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।