By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026
भारतीय फुटबॉल की मौजूदा स्थिति को लेकर बढ़ती चिंता के बीच अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने रविवार को पूर्व पदाधिकारियों से अपने-अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय फुटबॉल की बेहतरी के लिए सभी संबंधित पक्षों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और यह जिम्मेदारी केवल मौजूदा नेतृत्व की नहीं है। चौबे का यह बयान एआईएफएफ के पूर्व अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल की ओर से भारतीय फुटबॉल की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताए जाने के एक दिन बाद आया है।
पटेल की टिप्पणी के बाद राष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ के कामकाज को लेकर बहस तेज हो गई है। चौबे ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि वह पिछले चार वर्षों में एआईएफएफ का नेतृत्व करने के अपने अनुभव और कार्यकाल की रिपोर्ट सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने पूर्व में जिम्मेदार पदों पर रहे लोगों से भी अपने कार्यकाल का ब्योरा साझा करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी चाहते हैं कि भारतीय फुटबॉल आगे बढ़े और इसके भविष्य को लेकर हमारी चिंताएं भी एक जैसी हैं। एआईएफएफ अध्यक्ष होने के नाते मैं समझता हूं कि नेतृत्व की जिम्मेदारी के साथ आलोचना भी आती है और मैं इसे विनम्रता से स्वीकार करता हूं। जवाबदेही हालांकि सभी पक्षों की होनी चाहिए।’’ चौबे ने कहा कि सोशल मीडिया सार्वजनिक संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।
ऐसे में अपने-अपने कार्यकाल का ब्योरा साझा करना उचित होगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पिछले चार वर्षों में एआईएफएफ का नेतृत्व करने के अपने अनुभव और रिपोर्ट साझा करने का इरादा रखता हूं। इसके साथ ही मेरा मानना है कि पूर्व में जिम्मेदारी संभाल चुके लोगों के लिए भी अपने कार्यकाल की रिपोर्ट सार्वजनिक करना उचित होगा।
भारतीय फुटबॉल रचनात्मक संवाद और सामूहिक जवाबदेही का हकदार है। ’’ इससे पहले शनिवार को एआईएफएफ के पूर्व अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने भारतीय फुटबॉल की मौजूदा स्थिति से बाहर निकलने के लिए सभी संबंधित पक्षों से गंभीर आत्ममंथन करने की अपील की थी। उन्होंने इसके साथ ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जल्दबाजी में किसी नतीजे पर पहुंचने से भी बचने की सलाह दी थी।