Congress का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला, CEC Gyanesh Kumar से मांगा इस्तीफा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि ‘मोदी-शाह की जोड़ी’ ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के माध्यम से भारतीय चुनावों की विश्वसनीयता ‘तहस-नहस’ कर दी है और लोकतंत्र के खिलाफ इस ‘गंभीर अपराध’ के लिए उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। विपक्षी दल ने कुमार के इस्तीफे की अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ‘वोट चोरी’ पर जवाब देना चाहिए। कांग्रेस महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने कहा कि इस सप्ताह प्रकाशित मीडिया की कई खबरें ‘वोट चोरी’ के आरोपों को और पुख्ता करती हैं और अब यह ‘स्थापित तथ्य’ बन चुका है।

रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस ने पहले भी शाम पांच बजे के बाद मतदान प्रतिशत में संदिग्ध बढ़ोतरी और मतदान के दिन तथा उसके बाद जारी किए गए मतदान के आंकड़ों में विसंगति का मुद्दा उठाया था। उन्होंने लिखा, ‘‘एक जांच में खुलासा हुआ है कि 2024 में महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की 200 सीट पर शाम पांच बजे के बाद मतदान करने वाले मतदाताओं के संबंध में निर्वाचन आयोग के आंतरिक रिकॉर्ड गायब हैं। निर्वाचन अधिकारियों की रिपोर्ट में मतदान के अंतिम घंटे के आंकड़े नहीं हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि हेरफेर रोकने के लिए हर दो घंटे में डाले गए मतों की संख्या का मिलान किया जाना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

रमेश ने कहा, ‘‘देर शाम डाले गए इन मतों को पहले से ही फर्जी मतदान के संदेह की नजर से देखा जा रहा है। महाराष्ट्र में शाम पांच बजे जारी आंकड़ों की तुलना में अंतिम मतदान प्रतिशत में 76 लाख मतों की बढ़ोतरी हुई। ऐसा कैसे संभव है?’’ उन्होंने एक विधानसभा क्षेत्र ‘कोपरी-पाचपाखाड़ी’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसका मतलब है कि पूरे एक घंटे तक प्रत्येक मतदान केंद्र पर हर 15 सेकंड में एक वोट डाला गया।

रमेश ने लिखा, ‘‘मोदी-शाह की जोड़ी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के माध्यम से भारत के चुनावों की विश्वसनीयता खत्म कर दी है। लोकतंत्र के खिलाफ इस गंभीर अपराध के लिए उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। मुख्य निर्वाचन आयुक्त को इस्तीफा देना चाहिए और मोदी-शाह की जोड़ी को वोट चोरी पर जवाब देना चाहिए।’’ कांग्रेस कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ अपना आंदोलन तेज करते हुए 26 नवंबर (संविधान दिवस) को ‘संविधान रक्षा’ मार्च निकालेगी।

इसके अलावा, हटाए गए मतदाताओं के नामों का बूथ स्तर पर सत्यापन करने के लिए अभियान चलाएगी और गांवों में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल आयोजित करेगी। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्षों, महासचिवों, प्रभारियों और अन्य प्रमुख पदाधिकारियों को जारी एक परिपत्र में कहा कि प्रत्येक राज्य समिति 26 नवंबर को अपने-अपने राज्य में ‘संविधान रक्षा’ मार्च निकालेगी। इससे पहले, ‘वोट रक्षक’ अभियान चलाया जाएगा।

इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक मतदान केंद्र पर जाकर हटाए गए मतदाताओं के नामों का सत्यापन करेंगे। सत्यापन अभियान के निष्कर्षों के आधार पर 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल आयोजित की जाएंगी।

प्रमुख खबरें

AIFF अध्यक्ष कल्याण चौबे ने पूर्व पदाधिकारियों से मांगा कामकाज का ब्योरा

Nari Shakti Vandan Act जल्द होगा लागू, BJP नेता Nitin Nabin ने Chandigarh में किया दावा

तुर्किये में COP31 वार्ता बेनतीजा, जीवाश्म ईंधन के जिक्र पर देशों में नहीं बनी सहमति

पंजाब: CM Bhagwant Mann ने धुरी में 39.20 करोड़ रुपये के Sports Complex की रखी नींव