By अभिनय आकाश | Oct 17, 2026
पश्चिम एशियाई देश सऊदी अरब में हौथी विद्रोहियों के हमलों के बीच, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए और वहां से आने-जाने वाली अपनी उड़ानों के अस्थायी निलंबन को 24 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। एक ट्रैवल एडवाइजरी में, एयर इंडिया ने कहा कि 15 अक्टूबर या उससे पहले की गई बुकिंग, जिनकी यात्रा की तारीखें 9 अक्टूबर से 25 अक्टूबर के बीच हैं, उनके लिए 10 नवंबर तक एक बार मुफ्त में यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा उपलब्ध है। एयर इंडिया ने कहा, "मौजूदा हालात को देखते हुए, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 24 अक्टूबर 2026 तक जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए और वहां से आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। हम समझते हैं कि इससे हमारे यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर असर पड़ सकता है और हम इस दौरान उन्हें हर संभव सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह या शारजाह के लिए अपनी बुकिंग बदल सकते हैं। जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, वे यात्रा न करने का फैसला लेकर पूरे रिफंड का विकल्प भी चुन सकते हैं। एयर इंडिया ने कहा, "हम स्थिति पर लगातार नज़र रखे हुए हैं और आगे जो भी अपडेट होगा, उसके बारे में यात्रियों को सूचित करते रहेंगे। हमारी प्राथमिकता प्रभावित यात्रियों की मदद करना, उनकी परेशानी को कम करना और उन्हें यात्रा के उचित विकल्प देकर उनकी यात्रा जारी रखने में सहायता करना है।" इंडिगो और आकासा एयर सहित कई एयरलाइनों ने भी सऊदी अरब में अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं। ये रुकावटें 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले के बाद आई हैं। रियाद में भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि इस घटना में घायल हुए एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।