By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 28, 2026
भारती एयरटेल ने जुलाई में शुद्ध रूप से 26.8 लाख नए ग्राहक जोड़े और मोबाइल उपभोक्ता वृद्धि के मामले में उद्योग में शीर्ष पर रही। दूसरी ओर देश की सबसे बड़ी दूरसंचार परिचालक रिलायंस जियो ने 24.4 लाख नए ग्राहक जोड़े। दूरसंचार नियामक ट्राई के मासिक उपभोक्ता आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
इसका कुल ग्राहक आधार बढ़कर जुलाई के अंत तक 128.79 करोड़ पहुंच गया जो इससे पिछले महीने पिछले महीने 128.23 करोड़ था। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने ग्राहक संख्या पर अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा, जुलाई 2026 के लिए 1,562 परिचालकों से मिली जानकारी के अनुसार ब्रॉडबैंड उपभोक्ताओं की कुल संख्या जुलाई में मासिक आधार पर 0.64 प्रतिशत बढ़कर 109.44 करोड़ हो गई। जून 2026 के अंत में यह 108.75 करोड़ थी।
भारती एयरटेल का कुल वायरलेस ग्राहक आधार जुलाई में 26.88 लाख मोबाइल ग्राहकों के शुद्ध जुड़ाव के साथ 48.94 करोड़ पर पहुंच गया। रिलायंस जियो ने जुलाई में 24.46 लाख मोबाइल उपयोगकर्ता जोड़े, जिससे उसके वायरलेस ग्राहकों की कुल संख्या 50.60 करोड़ हो गई। वोडाफोन आइडिया का मोबाइल ग्राहक आधार बढ़कर 19.90 करोड़ हो गया।