एथनॉल पेट्रोल नीति को लेकर अजय राय ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, गडकरी और हरदीप पुरी को हटाने की मांग की

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 27, 2026

लखनऊ, 27 जुलाई उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने एथनॉल मिश्रित पेट्रोल नीति की कथित विफलता और आम जनता में बढ़ते आक्रोश का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को तत्काल पद से हटाने व मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पार्टी द्वारा जारी बयान के अनुसार, राय ने पत्र में कहा कि उन्होंने पहले भी एथनॉल मिश्रित पेट्रोल नीति से जुड़े वैज्ञानिक, आर्थिक, पर्यावरणीय और उपभोक्ता हितों को ध्यान में रखते हुए पूर्ण पारदर्शिता, स्वतंत्र वैज्ञानिक परीक्षण व जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी। ट उन्होंने कहा हालांकि इस पर न तो कोई सार्वजनिक जवाब दिया गया और न ही कोई निर्णय लिया गया।

पत्र में कहा गया कि आम धारणा रही है कि अगर पेट्रोल में पानी, मिट्टी का तेल या किसी अन्य पदार्थ की मिलावट पाई जाती थी तो संबंधित पेट्रोल पंप इसके लिए जिम्मेदार होता था लेकिन अब जब एथनॉल मिश्रण स्वयं तेल कंपनियों द्वारा किया जा रहा है, तो किसी वाहन में तकनीकी समस्या, माइलेज में कमी या इंजन को नुकसान होने की स्थिति में किसी की जिम्मेदारी तय नहीं है। राय ने कहा कि इससे बीमा दावों और वाहन वारंटी को लेकर विवाद उत्पन्न हो रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि पहले लिखे गए पत्र में केवल स्वतंत्र वैज्ञानिक परीक्षण, पारदर्शिता और जनहित की मांग की गई थी लेकिन अब यह विषय केवल नीति तक सीमित नहीं रह गया बल्कि मंत्री स्तर की जवाबदेही का मुद्दा बन चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित मंत्रालय इन गंभीर सवालों का संतोषजनक जवाब देने, जनहित की रक्षा करने और नीति निर्माण में पूर्ण पारदर्शिता स्थापित करने में विफल रहे हैं। राय ने लोकतांत्रिक जवाबदेही के सिद्धांत के तहत नितिन गडकरी और हरदीप सिंह पुरी को तत्काल पदों से हटाकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने एथनॉल नीति से जुड़े संभावित हितों के टकराव के मुद्दों की भी स्वतंत्र जांच कराने की बात कही।

प्रमुख खबरें

CWG 2026: Gyaneshwari Yadav ने Weightlifting में लहराया परचम, भारत को मिला Silver Medal

RBI के उपायों से देश में आया 32 Billion Dollar का निवेश, Indian Economy की वित्तीय स्थिति होगी और मजबूत

BoB Cybersecurity Alert: हैकर्स के निशाने पर Bank of Baroda, डार्क वेब पर 1 TB डेटा के कथित लीक से हड़कंप

Commonwealth Games: Sachin Siwach ने किया क्वार्टर फ़ाइनल में धमाकेदार प्रवेश, Gold की आस