अजित डोभाल ने चीनी विदेश मंत्री से पूर्वी लद्दाख से सैनिकों को पूरी तरह पीछे हटाने का अनुरोध किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 25, 2022

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहाकर अजित डोभाल ने शुक्रवार को चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात के दौरान पूर्वी लद्दाख में बाकी बचे सभी विवादित क्षेत्रों से सैनिकों को जल्द से जल्द और पूरी तरह पीछे हटाने पर जोर दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डोभाल ने द्विपक्षीय संबंधों को स्वाभाविक रूप से बरकरार रखने में आने वाली बाधाओं को दूर करने का भी आह्वान किया। चीन के स्टेट काउंसलर का दर्जा रखने वाले वांग बृहस्पतिवार शाम काबुल से दिल्ली पहुंचे थे। उनकी यात्रा के बारे में कोई घोषणा नहीं की गई थी। डोभाल और वांग ने सीमा विवाद पर व्यापक चर्चा की। सूत्रों के अनुसार डोभाल ने वांग से कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बहाली से विश्वास कायम करने में मदद मिलेगी और संबंधों में प्रगति के लिए अनुकूल माहौल तैयार होगा।

इसे भी पढ़ें: भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से की शिष्टाचार भेंट

डोभाल ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ वार्ता के दौरान शेष मुद्दों को जल्द से जल्द सुलझाने का आह्वान किया और इन मुद्दों के समाधान के लिये परिपक्वता व गंभीरता की आवश्यकता पर जोर दिया। सूत्रों ने कहा कि चीनी पक्ष ने सीमा विवाद पर वार्ता को आगे बढ़ाने के लिये डोभाल को चीन का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया। सूत्रों ने कहा कि डोभाल ने निमंत्रण पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और कहा कि मुद्दों को सफलतापूर्वक हल करने के बाद वह यात्रा कर सकते हैं। वांग और डोभाल दोनों देशों के बीच सीमा वार्ता के लिए विशेष प्रतिनिधि के रूप में काम कर रहे हैं। डोभाल और वांग ने पूर्वी लद्दाख में तनाव को कम करने को लेकर जुलाई 2020 में फोन पर लंबी बातचीत की थी।

भारत और चीन पूर्वी लद्दाख में गतिरोध का हल निकालने के लिए उच्च स्तरीय सैन्य वार्ता भी कर रहे हैं। दोनों पक्षों ने बातचीत के बाद कुछ स्थानों से अपने सैनिक वापस भी बुलाए हैं। पूर्वी लद्दाख क्षेत्र में लंबित मुद्दों को हल करने के लिए 11 मार्च को भारत और चीन के बीच 15वें दौर की उच्च स्तरीय सैन्य वार्ता हुई थी। इस वार्ता में कोई समाधान नहीं निकल पाया था।

गौरतलब है कि पैंगोंग झील के इलाकों में भारत और चीन की सेनाओं के बीच विवाद के बाद, पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में 15 जून, 2020 को हिंसक संघर्ष से तनाव बढ़ गया। इसमें 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। चीन के कई सैनिक भी मारे गए थे। दोनों पक्षों ने धीरे-धीरे वहां हजारों सैनिकों तथा भारी हथियारों को पहुंचाकर अपनी तैनाती बढ़ाई है। वर्तमान में संवेदनशील क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर दोनों ओर में से प्रत्येक हिस्से में लगभग 50,000 से 60,000 सैनिक तैनात हैं।

प्रमुख खबरें

Wimbledon में Novak Djokovic का 5 घंटे चला महायुद्ध, मैराथन मुकाबले में जीतकर सेमीफाइनल में

शिव, विष्णु, ब्रह्मा...इंडोनेशिया के सबसे बड़े हिंदू मंदिर प्रम्बानन पहुंचे PM मोदी, बोले- हमेशा शिव से जुड़ने का सौभाग्य मिला

विमान ईंधन (ATF) को GST के दायरे में लाएं! Air India, Indigo और SpiceJet की सरकार से गुहार, कहा- 60% तक पहुंचा ऑपरेशनल खर्च

FIFA World Cup: 2-0 से पिछड़कर भी Argentina ने Egypt को हराया, Messi बोले- असंभव लगने वाली जीत