UP में BJP सरकार हर मोर्चे पर नाकाम, Akash Anand बोले- चुनाव में जनता हाथी से बराबर करेगी हिसाब

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने रविवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के मोर्चे पर विफल रही। उन्होंने कहा कि सरकार ने बुनियादी जनसमस्याओं की अनदेखी करते हुए विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए। आनंद ने आगरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा को वोट देने की अपील की और कहा कि उनकी पार्टी का चुनाव चिह्न ‘हाथी’ भाजपा से हिसाब बराबर करने का माध्यम बनेगा।

बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक ने राज्य सरकार में विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधित्व पर सवाल उठाते हुए दोनों उपमुख्यमंत्रियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण और पिछड़े समुदाय के नेताओं को इन पदों पर नियुक्त करना वास्तविक राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं है। आनंद ने आरोप लगाया कि अलग-अलग समुदायों से दो उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति से सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल जाता।

उन्होंने इन पदों पर बैठे नेताओं को ‘शोपीस’ करार देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान उन्हें इसलिए सामने लाया जाता है, ताकि सभी समुदायों को प्रतिनिधित्व देने का दावा किया जा सके। उत्तर प्रदेश में केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक उपमुख्यमंत्री हैं। आनंद ने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में किसी दलित को उपमुख्यमंत्री नहीं बनाया गया है।

उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ दल इस समुदाय को सशक्त बनाने से बचता रहा है। बसपा नेता ने कहा, “मैंने तय किया है कि आज गुस्सा नहीं करूंगा। मैं सिर्फ सरकार का रिपोर्ट कार्ड पढ़कर सुनाऊंगा।

इसे सुनकर अगर आपको हंसी आए तो जरूर हंसें, लेकिन अगर गुस्सा आए तो आगामी विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी के चुनाव चिह्न ‘हाथी’ के सामने वाला बटन दबाकर अपना हिसाब बराबर कर लें।” बसपा प्रमुख मायावती का संदेश लेकर आगरा पहुंचे आनंद ने पार्टी कार्यकर्ताओं को राजनीतिक विरोधियों के बहकावे में नहीं आने की सलाह दी। उन्होंने गुजरात के भाजपा नेताओं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, “चुनाव के मौसम में गुजरात के नेता, धार्मिक मठों से जुड़े लोग और वे लोग, जो सिर्फ इटावा के बारे में सोचते हैं, मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए आगरा आएंगे।” आनंद ने कहा, “हम किसी भी सरकार से चांद-तारे नहीं मांग रहे हैं। हम सिर्फ तीन चीजें चाहते हैं- अच्छी शिक्षा, सभी के लिए सुरक्षा और हर हाथ को रोजगार।” उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश को विकसित, शिक्षित और सुरक्षित दिखाने वाले विज्ञापनों पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए जबकि सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह विफल रही।

आनंद ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि हत्या और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों को बंद करने या दूसरे विद्यालयों में विलय करने का सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों पर पड़ा है, इस कारण अब उन्हें पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। आनंद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दो करोड़ से अधिक युवा बेरोजगार हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाले प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं ने सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल दिया है। आनंद ने भाजपा के ‘डबल इंजन सरकार’ के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि एक इंजन लोगों की जेब से पैसे निकाल रहा है, जबकि दूसरा विज्ञापनों पर जोर दे रहा है, जिससे आम जनता परेशान है।

प्रमुख खबरें

Adani Group की कंपनी को सतारा में निर्माण रोकने का MPCB ने दिया निर्देश

तुला राशि में शुक्र का गोचर, इन 6 राशियों के करियर और आय में आएगा बदलाव

विदेशी निवेशकों और Crude Oil की चाल पर टिकेगी Share Market की नजर

मां ई-रिक्शा चलाने गई, पीछे से गायब हुआ 8 महीने का बच्चा, Delhi Police ने 24 घंटे में सुलझाया केस